मुनि श्री समत्व सागर महाराज ने बच्चों को दिए संस्कार,उपादान और निमित्त के महत्व पर की मंगल देशना
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। छीपीटोला स्थित पारसधाम में संत चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवन श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक एवं सुयोग्य शिष्य जगत विख्यात गूगल बाबा श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज एवं श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के छठवें दिन आत्मसिंचन बाल संस्कार कार्यक्रम भक्ति एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
विधान में सभी इंद्र-इंद्राणियों सहित सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र एवं ब्रह्म इंद्र ने भक्तिभावपूर्वक अष्टद्रव्य एवं अर्घ समर्पित कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। विधान के प्रत्येक चरण में भगवान के सहस्र नामों का स्मरण करते हुए आत्मकल्याण, धर्मभावना एवं विश्वशांति की मंगल कामना की गई। ब्रह्मचारी तरुण भैया, पंडित विकर्ष शास्त्री एवं पंडित विजय शास्त्री ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। अनुष्ठान के दौरान हवन सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। संपूर्ण कार्यक्रम स्थल श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
मुनि श्री समत्व सागर महाराज ने बालकों को दिए संस्कार
भव्य आत्मसिंचन बाल संस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ बालक-बालिकाओं को संस्कार प्रदान किए। उन्होंने अपनी अमृतमयी वाणी में उपादान और निमित्त के महत्व को समझाते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य की उत्पत्ति में कारण अनिवार्य होता है। किसी भी कार्य के संपन्न होने में दो कारण महत्वपूर्ण होते हैं, एक उपादान और दूसरा निमित्त। उपादान में कार्य करने की शक्ति विद्यमान होती है, जबकि निमित्त उस शक्ति को जागृत करने में सहायक होता है।
महाराज श्री ने माचिस की तीली का उदाहरण देते हुए कहा कि अग्नि तीली के भीतर विद्यमान होती है, लेकिन उसे प्रकट करने के लिए घर्षण की आवश्यकता होती है। इसी प्रकार जीव के भीतर कल्याण की शक्ति विद्यमान है, लेकिन उचित निमित्त के अभाव में वह जागृत नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि कार्य उपादान से ही होता है, लेकिन निमित्त के बिना आज तक कोई कार्य संपन्न नहीं हुआ।
महाराज श्री ने आगे कहा कि जब दो वस्तुओं के बीच घर्षण होता है, तब अग्नि प्रज्वलित होती है। इसी प्रकार मनुष्य के अंतरंग में कषायों और नकारात्मक विचारों का घर्षण अशांति उत्पन्न करता है। बार-बार एक ही अशांत परिणाम करने से अंतरंग में गर्मी और संक्लेशता बढ़ती है। जिस प्रकार ठंड में दोनों हाथों को रगड़ने से गर्मी उत्पन्न होती है, उसी प्रकार कषायों की रगड़ से मनुष्य के परिणामों में अशांति उत्पन्न होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचारों एवं परिणामों को शांत, संयमित और सकारात्मक बनाए रखना चाहिए।
समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पंडित विजय जैन शास्त्री, रामेश जैन, प्रवीन जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, शैलेश जैन, आशु वी.के., आशु (बाबा), सनी, विन्नू, सचिन, रोहित सहित मीडिया प्रभारी राहुल जैन, समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।




