ममता कुलकर्णी के ग्लैमर में रंगे फिल्ममेकर्स, ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य समापन

 



ममता कुलकर्णी को मिला आठवां सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान,देश-विदेश के फिल्ममेकर्स को भी मिले अवॉर्ड

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का तीसरा और अंतिम दिन सिनेमा, कला, संस्कृति और सितारों की चमक के नाम रहा। बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मौजूदगी ने समारोह में चार चांद लगा दिए। उनके ग्लैमर और अंदाज में फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग भी रंगे नजर आए। भव्य समारोह में देश-विदेश से आए फिल्ममेकर्स, कलाकारों और कला जगत की हस्तियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह का सबसे खास आकर्षण ममता कुलकर्णी को दिया गया आठवां सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान रहा।

फेस्टिवल के तीसरे दिन सुबह से ही फिल्मों की स्क्रीनिंग का सिलसिला शुरू हो गया। एक के बाद एक प्रदर्शित फिल्मों ने दर्शकों को अलग-अलग भावनात्मक और सामाजिक विषयों से रूबरू कराया। किसी फिल्म ने प्रेरित किया तो किसी ने सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया। कुछ फिल्मों ने दर्शकों को भावुक किया तो कुछ ने सोचने पर मजबूर कर दिया।

इसके बाद पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया, जिसका संचालन फिल्म लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने किया। मुंबई से आईं प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं वक्ता विभा रानी मुख्य वक्ता रहीं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं लोक और समकालीन कला, दोनों दुनियाओं से जुड़ी हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अपनी संस्कृति से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को अपनाना जरूरी है। पैनल में ब्रज के प्रसिद्ध कलाकार बाबू गप्पी, देवकांत त्यागी, सरिता यादव, शिव प्रताप सिंह और रवि परिहार ने भी विचार रखे। दर्शकों ने सवाल पूछकर चर्चा में सक्रिय भागीदारी की। यह सत्र काफी रोचक और संवादपूर्ण रहा।

पैनल डिस्कशन के बाद फिल्मों की अंतिम स्क्रीनिंग हुई। स्क्रीनिंग समाप्त होते ही पुरस्कार समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गईं। बैंड-बाजों के साथ अभिनेत्री ममता कुलकर्णी का भव्य स्वागत करते हुए समारोह स्थल पर प्रवेश कराया गया। उनके साथ फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी भी मौजूद रहे। इसके बाद पांच ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच गणेश एवं मां सरस्वती का पूजन किया गया और समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। दुर्गा सांस्कृतिक ग्रुप, अलीगढ़ के कलाकारों ने मां के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन कला, संस्कृति और सिनेमा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए और कला के क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाना चाहिए।

समारोह में मुंशी पन्ना के निदेशक नितिन गोयल, आद्यंत फाउंडेशन की डॉ. रेणु रावत तिवारी, मार्क के मंगल सिंह धाकड़, गोविन्द के दीपक अग्रवाल, ब्रज रिकॉर्ड्स के शिव प्रताप सिंह, अप्पन के केएम सिंघल, पूनम से सतीश अरोड़ा, मी कलेक्शन की अंजलि गोयल एवं संचित गोयल, तत्त्व से कनक गौतम, मेट्रो से बीरबल खान और मोशन से डॉ. अरुण शर्मा को सम्मानित किया गया। अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने अपने हाथों से सभी सम्मान प्रदान किए।

इसके बाद फिल्म फेस्टिवल के विजेता फिल्ममेकर्स को पुरस्कार दिए गए। अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी, फ्रांस की मरीन बोर्गो, वेनेजुएला के अल्फ्रेडो कैल्डेरा, इटली की मारिया, मॉस्को की एलेक्जेंड्रा, मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी और रंजन देबनाथ सहित अन्य अतिथियों ने ममता कुलकर्णी के साथ विजेताओं को सम्मानित किया।

समारोह के दौरान ममता कुलकर्णी के सुपरहिट गीतों पर कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। अपने लोकप्रिय गीतों पर आधारित प्रस्तुतियां देखकर ममता भावुक हो गईं। वह स्वयं मंच पर पहुंचीं और प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को गले लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। यह पल समारोह के सबसे भावुक और यादगार क्षणों में शामिल रहा।

मुंबई से आए अभिनेता ज्ञानप्रकाश एवं रंजन देबनाथ को दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अमेरिका से आईं अभिनेत्री कशिश बाजपेयी और फ्रांस की मरीन बोर्गो को जूरी अवॉर्ड प्रदान किया गया। विभा रानी को स्पीकर अवॉर्ड तथा वेनेजुएला एंबेसी से आए अल्फ्रेडो कैल्डेरा को भी सम्मानित किया गया।

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब सभी अतिथियों ने एक साथ मंच पर खड़े होकर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को आगरा में प्रदान किया जाने वाला आठवां सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान फिल्म निर्देशक एवं फेस्टिवल फाउंडर सूरज तिवारी ने उन्हें प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करते समय ममता कुलकर्णी काफी भावुक नजर आईं।

अंत में फेस्टिवल निदेशक एवं फाउंडर सूरज तिवारी ने सभी अतिथियों, फिल्ममेकर्स, कलाकारों, प्रायोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। फेस्टिवल पैट्रन रणजीत साना ने सभी को अगले वर्ष फिर से आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। सूरज तिवारी ने घोषणा की कि अगले वर्ष ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का स्वरूप बदला जाएगा और इसे नए अंदाज में आयोजित किया जाएगा।