पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आगरा में विशेष शिविर,आठ जिलों के सैनिकों को मिला मार्गदर्शन



एयर फोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर की पहल : पेंशन, ईसीएचएस, स्पर्श पोर्टल और कानूनी मामलों पर हुआ विचार-विमर्श

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 17 नवंबर। एयर फोर्स एसोसिएशन (आगरा चैप्टर) की ओर से मंगलवार को पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष समस्या समाधान शिविर का आयोजन बाईसी ब्रिगेड रेस्टोरेंट म्यूजियम बैंक्वेट हॉल एवं इंस्पिरेशन सेंटर, कैलाश मंदिर मोड़, सिकंदरा में किया गया। शिविर में आगरा सहित आठ जिलों के बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।

शिविर में आगरा, मथुरा, एटा, हाथरस, अलीगढ़, धौलपुर, मुरैना और फिरोजाबाद के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों से जुड़े विभिन्न कल्याणकारी मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित सैन्य एवं प्रशासनिक विभागों से समन्वय स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप कैप्टन डॉ. कुँवर जय पाल सिंह चौहान (सेवानिवृत्त) ने की। उन्होंने कहा कि थल सेना, नौसेना और वायुसेना के पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं। राष्ट्र की सुरक्षा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सम्मान, अधिकारों और कल्याण की जिम्मेदारी समाज एवं संबंधित संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसोसिएशन का प्रयास है कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ एवं विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराया जाए।

पेंशन से लेकर चिकित्सा सुविधाओं तक पर हुई चर्चा :

शिविर में पूर्व सैनिकों की सेवा संबंधी समस्याओं, सेवा अभिलेखों में त्रुटियों, जीवन प्रमाण पत्र, पेंशन विसंगतियों, स्पर्श पोर्टल, वित्तीय लाभ एवं अन्य सेवा संबंधी मामलों पर मार्गदर्शन दिया गया। इसके अलावा ईसीएचएस के अंतर्गत चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार, सीएसडी कैंटीन की सेवाओं तथा पूर्व सैनिकों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

वीर नारियों एवं आश्रितों की पेंशन, पारिवारिक लाभ और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को भी प्राथमिकता दी गई। शिविर में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उसके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

पूर्व सैनिकों की एकजुटता पर दिया जोर :

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता विजय पाल सिंह चौहान, कमांडर ए.के. जिलानी (नौसेना), ग्रुप कैप्टन शरद चौहान, असिस्टेंट कमिश्नर वीरेंद्र प्रकाश, सचिव सार्जेंट भूप सिंह, डॉ. एस.के. मोहन, जूनियर वारंट ऑफिसर विजय सिंह, सुरेश चंद्र सारस्वत, आशा चौहान, विजय सिंह, सार्जेंट आर.के. पाठक, सार्जेंट गणेश, जल सिंह, एच.एफ.ओ. सुरेंद्र सिंह, वारंट ऑफिसर उमेश सिंह, सार्जेंट राम भरोसी, वारंट ऑफिसर रविंद्र पाल सिंह तथा दीप सिंह सिकोरिया सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उपस्थित सदस्यों ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकजुटता, आपसी सहयोग एवं नियमित संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

एयर फोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर की ओर से डॉ. चौहान ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रखे जाएंगे।

अंत में अध्यक्ष ने सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे वायुसेना स्टेशन आगरा स्थित सीएसडी कैंटीन परिसर में एसोसिएशन के कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों की सहायता एवं उनके हितों की रक्षा के लिए एसोसिएशन के सदस्य सदैव तत्पर रहेंगे।