समरसता संकल्प यात्रा किलोमीटर नापने नहीं,दिलों की दूरियां मिटाने निकली है : नायब सैनी





मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं को सिर पर धारण कर उमरी में किया स्थापित,संतों का किया सम्मान

सैकड़ों मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ उमरी पहुंची समरसता संकल्प यात्रा,भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

कुरुक्षेत्र, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा केवल किलोमीटर नापने के लिए नहीं, बल्कि समाज में दिलों की दूरियां मिटाने और आपसी भाईचारे एवं समानता का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली गई है। गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही हैं। उनके विचार किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को उमरी स्थित गुरु श्री रविदास धाम स्थल पर सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। समरसता संकल्प यात्रा के कुरुक्षेत्र पहुंचने पर पिपली से सैकड़ों मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए उसे उमरी तक लाया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा के साथ विराजमान गुरु श्री रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं को अपने सिर पर धारण किया और उन्हें सम्मानपूर्वक जनसभा स्थल पर स्थापित करवाया। इसके बाद महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वानंद गिरि जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य में चरण पादुकाओं का पूजन किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अंगवस्त्र भेंट कर सर्व समाज के संतों का सम्मान भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज अपने समय से बहुत आगे की सोच रखते थे। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जिसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव, छुआछूत और ऊंच-नीच न हो। उनके विचारों ने समाज को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' आज भी हमें सिखाता है कि ईश्वर वहीं निवास करते हैं, जहां मन पवित्र हो और किसी के प्रति ईर्ष्या, द्वेष अथवा भेदभाव की भावना न हो।

उन्होंने कहा कि मनुष्य की पहचान उसके जन्म और जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और विचारों से होती है। बुरे कर्म व्यक्ति को नीचे गिराते हैं, जबकि अच्छे कर्म उसे समाज में सम्मान और विशिष्ट पहचान दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की वाणी में सत्य और मानवता का संदेश समाहित है। सच की कोई सरहद नहीं होती और यही कारण है कि उनकी वाणी आज विश्व के हर कोने में गूंज रही है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भगत शिरोमणि मीराबाई जी ने गुरु रविदास जी महाराज को अपना गुरु माना था। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आठ प्रदेशों में समरसता संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा को प्रत्येक प्रदेश में सभी वर्गों और समाज के लोगों का भरपूर सहयोग एवं स्नेह मिल रहा है। इसका उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करना है।

पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज ने जिस आदर्श समाज की परिकल्पना की थी, उनके विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से आज समाज उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है।

जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचे संत-महात्माओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और सर्व समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यात्रा और जनसभा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर मंत्री कृष्ण पंवार, मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुज्जर, प्रदेश मंत्री रवि बत्तान, प्रदेश मीडिया प्रमुख भूपेश्वर दयाल, प्रदेश सचिव मीणा चौहान, चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, अजय खुंडिया, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला महामंत्री सतपाल मास्टर, जिला महामंत्री देसराज, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी, मुख्यमंत्री मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरमैन गुरनाम सैनी, चेयरमैन धूमन सिंह किरमच, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविन्द्र सांगवान, जिला मीडिया प्रमुख नरेंद्र पांचाल, जिला मीडिया सह प्रमुख मनीष सिन्धवानी, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कंवलजीत कौर, मलकीत डांढा, जिला आईटी प्रमुख विजय कंबोज, जिला सोशल मीडिया प्रमुख दीपक आश्री, रामपाल पाली, डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच, पीयूष राव, ललित सोड़ी, हरिओम अग्रवाल, विशाल सौदा, रेखा वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।