संविधान दिवस पर इनेलो विधायकों ने सरकार को घेरा,दसवीं कक्षा में संविधान का विषय शुरू करने की मांग

 



अदित्य देवीलाल बोले- भाजपा राज में अघोषित आपातकाल जैसे हालात, सरकार से सवाल पूछने वालों की दबाई जा रही आवाज

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

चंडीगढ़, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायकों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए संविधान के प्रति आमजन और विशेषकर युवाओं को जागरूक करने की जरूरत पर जोर दिया। रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करना चाहती है तो ऐसे कार्यक्रम विधानसभा में आयोजित करने के बजाय स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आयोजित करवाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को संविधान की सही जानकारी मिल सके।

अर्जुन चौटाला ने अपने संबोधन की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और बी.एन. राव को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि बी.एन. राव ने संविधान के शोध, मसौदा तैयार करने और लेखन में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में कई महान नेताओं का योगदान रहा है और किसी एक दल को इसका पूरा श्रेय देना उचित नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस पर संविधान निर्माण का श्रेय लेने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं का देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जननायक चौधरी देवीलाल भी उसी राजनीतिक विचारधारा और परंपरा का हिस्सा थे।

अर्जुन चौटाला ने भाजपा सरकार से मांग की कि विधानसभा में एक प्रस्ताव लाकर उसे पारित किया जाए, जिसके तहत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में 'कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ इंडिया' नाम से एक विषय या कम से कम एक अध्याय शामिल किया जाए। इससे बच्चों को संविधान में दिए गए अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिल सकेगी।

वहीं, विधानसभा में इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान केवल सरकार चलाने की किताब नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों, किसानों के सम्मान, मजदूरों की मेहनत की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और प्रत्येक नागरिक को सम्मान एवं न्याय के साथ जीने का अधिकार देने वाला दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान संविधान की धज्जियां उड़ाई गई थीं, जिसका जवाब देश की जनता ने उसे सत्ता से बाहर करके दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश का प्रधानमंत्री, प्रदेश का मुख्यमंत्री या कोई चुना हुआ विधायक झूठ बोलता है तो क्या यह संविधान की भावना के खिलाफ नहीं है? सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आमजन की अपेक्षाओं और सवालों के प्रति जवाबदेह बने।

आदित्य देवीलाल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। आम नागरिक सरकार से सवाल नहीं पूछ सकता। सोशल मीडिया पर सरकार से सवाल उठाने वालों के घर पुलिस भेजकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि सत्ता में बैठे लोग ही संविधान बचाने के लिए पैदल मार्च निकाल रहे हैं और जनता इस पर सवाल उठा रही है।