प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ नौ दिवसीय महाअनुष्ठान शुरू

 






सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ, हजारों महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर निकाली भव्य घटयात्रा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक में भव्य शुभारंभ हुआ। पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भव्य घटयात्रा एवं श्रीजी की रथयात्रा के साथ हुआ। आयोजन में हजारों महिलाओं सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महाअनुष्ठान का विशेष संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा, सामर्थ्य और विवेक प्रदान करने की मंगलकामना करना है। भगवान महावीर स्वामी के चरणों में देश में शांति, अहिंसा, प्रेम एवं सद्भाव की स्थापना के साथ हिंसा और वैमनस्य की समाप्ति की प्रार्थना भी की जा रही है।

प्रातःकाल मंदिर परिसर से चार बैंडों की धार्मिक धुनों और भक्ति संगीत के बीच भव्य घटयात्रा निकाली गई। सजे-धजे घोड़े, ऊंट, आकर्षक बग्घियां और रथ यात्रा का विशेष आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में हजारों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार सहित एक भव्य रथ पर सवार थे, जबकि दूसरे रथ पर सांसद नवीन जैन परिवार सहित विराजमान रहे। तीसरे रथ पर चक्रेश जैन और चौथे रथ पर योगेश कुमार जैन अपने परिवारों के साथ सवार थे। परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी अलग-अलग रथों की व्यवस्था की गई थी। भगवान श्रीजी को लेकर युवराज सक्षम जैन रथ पर चल रहे थे। यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

घटयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर कमला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण और मंडप उद्घाटन किया गया। श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।

परिणामों की विशुद्धि ही आत्मशुद्धि का मार्ग : मुनिश्री

प्रवचन के दौरान मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि संसार के जीव अनंत काल से अशुद्धता का अनुभव करते आ रहे हैं, लेकिन शुद्धता प्राप्त करने का मार्ग नहीं समझ पाते। परिणामों की विशुद्धि ही आत्मशुद्धि का मार्ग है। सिद्ध भगवान की आराधना व्यक्ति को जीवन शुद्ध बनाने और आध्यात्मिक उन्नति की प्रेरणा देती है। उन्होंने सांसद नवीन जैन एवं पीएनसी परिवार की धार्मिक आस्था और जिनधर्म के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पद और प्रतिष्ठा के साथ धर्म के प्रति अनुराग व्यक्ति को विशेष सम्मान दिलाता है।

राष्ट्र की खुशहाली और विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना : नवीन जैन

सांसद नवीन जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, प्रेम, संयम और करुणा के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा, सामर्थ्य एवं विवेक प्राप्त हो, यही इस नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का विशेष संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक परिवार या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र और विश्व में शांति, सद्भाव, भाईचारे एवं खुशहाली की भावना को समर्पित है।

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन ने कहा कि वर्ष में एक बार होने वाला यह धार्मिक आयोजन उनके और पूरे परिवार के लिए सौभाग्य का विषय है। इससे भी बड़ा सौभाग्य पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त होना है। चक्रेश जैन ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस विधान में प्रतिदिन धार्मिक पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति एवं मंगल प्रवचन के साथ विभिन्न आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में विशाल पंडाल बनाया गया है और आकर्षक सजावट की गई है। योगेश जैन ने बताया कि दिन में धार्मिक अनुष्ठान और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिससे श्रद्धालु धर्म और संस्कृति से जुड़ सकेंगे।

इस अवसर पर अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, अनुज जैन, वैभव जैन, सक्षम जैन, दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, राहुल जैन, शुभम जैन, जितेंद्र जैन, विमल जैन मारसंस, राजीव जैन, आनंद जैन, कार्तिकेय जैन, मीना जैन, रेनू जैन, आशिता जैन, माधवी जैन, ईशू जैन, निधि जैन, पलक जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, आयुषी जैन, प्रियंका जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, जैन समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।