जीएसटी विमर्श 2026 में न्यायिक एवं तकनीकी सदस्यों ने किया सीधा संवाद, 57वीं जीएसटी काउंसिल की सिफारिशों की भी दी जानकारी
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जीएसटी की जटिल प्रक्रियाओं, कर विवादों और अपील से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में लघु उद्योग भारती की ओर से शुक्रवार को होटल पीएल पैलेस, संजय प्लेस में जीएसटी विमर्श 2026 का आयोजन किया गया। इसमें जीएसटी अपीलीय अधिकरण के न्यायिक एवं तकनीकी सदस्यों ने उद्यमियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और जिज्ञासाएं सुनीं। विशेषज्ञों ने कहा कि पारदर्शी, सरल और प्रभावी कर व्यवस्था से ही व्यापारियों का विश्वास बढ़ेगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जीएसटी अपीलीय अधिकरण के न्यायिक सदस्य अजीत कुमार एवं तकनीकी सदस्य विवेक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। एडिशनल कमिश्नर, सेंट्रल जीएसटी आगरा अजय मिश्रा और एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, स्टेट जीएसटी आगरा पंकज गांधी विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की।
न्यायिक सदस्य अजीत कुमार ने कहा कि कर विवादों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए प्रभावी अपीलीय व्यवस्था आवश्यक है। उद्यमियों को अपने वैधानिक अधिकारों और अपील की प्रक्रिया की जानकारी रखनी चाहिए। इससे न्यायिक व्यवस्था के प्रति करदाताओं का विश्वास मजबूत होगा। तकनीकी सदस्य विवेक कुमार ने जीएसटी के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर प्रावधानों और अनुपालन प्रक्रिया की सही जानकारी उद्यमियों के लिए बेहद जरूरी है।
57वीं जीएसटी काउंसिल की सिफारिशों पर चर्चा
विशेष सत्र में चेयरमैन, सेल (जीएसटी एंड टैक्सेशन) सीए निखिल गुप्ता ने 57वीं जीएसटी काउंसिल की सिफारिशों, नवीन संशोधनों और करदाताओं को मिलने वाली राहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट, अनुपालन प्रक्रिया और अपील से जुड़े प्रावधानों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
अजय मिश्रा ने कहा कि विभाग और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय से कर संबंधी समस्याओं का नियमानुसार समाधान संभव है। पंकज गांधी ने कर प्रणाली में पारदर्शिता, सरलता और बेहतर अनुपालन को औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उद्यमियों और विभाग के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग पर जोर दिया।
एमएसएमई के लिए अनुकूल माहौल जरूरी : राकेश गर्ग
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास का प्रमुख आधार है। इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए उद्यमियों को सरल प्रक्रियाएं, अनुकूल व्यावसायिक वातावरण और समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिलना जरूरी है।
उद्यमियों की आवाज शासन तक पहुंचाना प्राथमिकता : विजय गुप्ता
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उद्यमियों की समस्याएं उठाने के साथ ही उनके समाधान के लिए विभागों और शासन-प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। उद्योगों की तरक्की के लिए सरल नियम, पारदर्शी व्यवस्था और समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीएसटी अपीलीय अधिकरण के सदस्यों और केंद्र एवं राज्य जीएसटी के वरिष्ठ अधिकारियों को एक मंच पर लाना इसी दिशा में संगठन का सार्थक प्रयास है। लघु उद्योग भारती उद्यमियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय रहेगा।
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलता है और उनकी व्यावहारिक समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचती हैं।
कार्यक्रम में उद्यमियों ने जीएसटी, कर अनुपालन, अपीलीय प्रक्रिया और नवीन संशोधनों से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
ये रहे मौजूद :
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव मुकेश गर्ग, महासचिव दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजीव बंसल, उपाध्यक्ष संजीव जैन, दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, शैलेश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।


