मेयर हेमलता दिवाकर ने बच्चों को दिए उपहार और मिठाइयां
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। शी विल इंस्पायर संस्था एवं नंदनी जीवन दायिनी ट्रस्ट की ओर से पंचकुइयां स्थित राजकीय बाल गृह में दीपावली उत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर ने बच्चों को उपहार और मिठाइयां भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी खिल उठी।
संस्था की संस्थापक राशि गर्ग ने बताया कि बच्चों को कपड़े, मिठाइयां, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, स्टेशनरी और दीपावली के उपहार वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां बांटना और उन्हें प्रेम व अपनत्व का एहसास कराना है।
मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि त्योहारों की असली सार्थकता दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने में है। जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां साझा करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर राशि गर्ग, दीक्षा असवानी, नम्रता मिश्रा, नियति जैन, दिव्या गुप्ता, नेहा विज, यामिनी और अदिति मित्तल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

