सीटू चौहान ने अहिल्याबाई की प्रतिमा को पहनाया सोने-चांदी का मुकुट

शिवजी का अभिषेक कर सीटू चौहान ने क्षेत्र के विकास का लिया संकल्प, सैकड़ों युवा रहे मौजूद

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। एत्मादपुर स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्मारक पर भाजपा नेता सीटू चौहान (इं. किशन सिंह चौहान) ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने शिवभक्त एवं देशभर में मंदिरों का जीर्णोद्धार कराने वाली महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को सोने-चांदी का मुकुट पहनाया। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों युवाओं के साथ क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

सीटू चौहान ने कहा कि भगवान शिव एत्मादपुर क्षेत्र में विकास का मार्ग प्रशस्त करें, इसी कामना के साथ अभिषेक किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट मिले या न मिले, वह 2012 से क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। पैसों के नाम पर टिकट लेने और दूसरी पार्टियों में जाने की बातें कर ब्लैकमेलिंग करने वालों को क्षेत्र की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने क्षेत्र की समस्याएं उठाते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए हैं। सवाल उठाया कि 70 वर्ष के बुजुर्ग आयुष्मान कार्ड के अभाव में इलाज के लिए क्यों परेशान रहे? पोखरे लबालब होने के बावजूद जलेसर रोड के गड्ढे क्यों नहीं भरे गए? दर्जनों पंचायतों के परिक्रमा मार्ग बदहाल क्यों हैं? दो वर्ष बीतने के बाद भी पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का अनावरण क्यों नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की इन समस्याओं को नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा।

सीटू चौहान ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि खंदौली क्षेत्र में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान भगवान भोलेनाथ और महारानी अहिल्याबाई होल्कर के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर डीपी सिंह बघेल, रामकिशोर बघेल, दामोदर बघेल, मीरा देवी, सरिता, पप्पू बघेल, कलीचरण बघेल, शकुन्तला देवी, रविन्द्र शर्मा, बसन्त यादव, नवीन परमार, बंटी चौहान, विष्णु पण्डित और अविनाश सिकरवार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।