संस्कार भारती के दीपावली आनंद मेले में बिखरे संस्कृति के रंग,डांडिया-गरबा की धूम

गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों की प्रतियोगिताओं और महिलाओं की कलात्मक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

50 से अधिक स्टॉल्स पर हुई दीपावली की खरीदारी, लकी ड्रॉ में बांटे गए 100 आकर्षक पुरस्कार

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। संस्कृति के रंग, बच्चों की प्रतिभा, महिलाओं की रचनात्मकता और डांडिया-गरबा की थिरकन के बीच संस्कार भारती जिला आगरा, ब्रज प्रांत का दीपावली आनंद मेला उल्लासपूर्वक आयोजित किया गया। कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित इस आयोजन में दीपावली के उल्लास के साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं का संदेश दिया गया।

मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन बंसल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अटल बिहारी गोयल, संजीव दौनेरिया, विष्णु गर्ग, एसके मिश्रा, श्री भगवान अग्रवाल, एडवोकेट अमित जैन, रामकुमार अग्रवाल एवं संरक्षक राजबहादुर सिंह राज उपस्थित रहे।

संस्था के अध्यक्ष राम अवतार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्कार भारती कला और साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों को समाज में प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दीपावली आनंद मेला सामूहिक उत्सव और सांस्कृतिक सहभागिता का ऐसा मंच है, जहां प्रत्येक आयु वर्ग को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

मुख्य अतिथि मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित यह आयोजन उनके समानता, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उनके विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

मेले में बच्चों के लिए रंग भरो, विविध वेशभूषा और रामायण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छह से आठ वर्ष तक के बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। वहीं पांच से आठ वर्ष तथा आठ से बारह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। दस से सोलह वर्ष तक के बच्चों ने रामायण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक जानकारी का परिचय दिया।

महिलाओं के लिए आयोजित वंदनवार सज्जा और थाल-कलश सज्जा प्रतियोगिताओं में उनकी रचनात्मकता और कलात्मक हुनर देखने को मिला। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित शंख बजाओ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।

विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। डांडिया और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूम उठे। मेले में 50 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए, जहां दीपावली की सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित विभिन्न उत्पादों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं लकी ड्रॉ के माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे मेले में उत्साह और बढ़ गया।

व्यवस्थाओं में जुटी रही आयोजन समिति :

मेले की व्यवस्थाओं में प्रांतीय कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, प्रखर अवस्थी, साधना राठौर, सीमा अग्रवाल, करतार चंद्र शास्त्री, महामंत्री यतेंद्र सोलंकी, राजेंद्र गोयल, भूप सिंह इंदौलिया, हेमंत अग्रवाल एवं डॉ. ममता बंसल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंचीय कार्यक्रम का संचालन राहुल शर्मा ने किया। अंत में संस्था के अध्यक्ष राम अवतार यादव ने अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।