श्रीकृष्ण लीला में रुक्मिणी मंगल विवाह का हुआ भावपूर्ण मंचन, शिशुपाल और रुक्मी के अभिमान का किया अंत
प्राचीन सीताराम मंदिर में श्रीकृष्ण-रुक्मिणी के स्वरूपों को लगाई गई मेहंदी, महिलाओं ने गाए मांगलिक गीत
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में चल रहे श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में मंगलवार को रुक्मिणी मंगल विवाह की भव्य एवं भावपूर्ण लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह उत्सव की शुरुआत वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में मेहंदी की रस्म के साथ हुई। यहां श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी के स्वरूपों को मेहंदी लगाकर महिलाओं ने मंगल गीत गाए और विवाह की खुशियां मनाईं। इसके बाद लीला स्थल पर रुक्मिणी हरण से लेकर द्वारिकापुरी में श्रीकृष्ण-रुक्मिणी के दिव्य विवाह तक के प्रसंगों का सजीव मंचन हुआ। रुक्मिणी की अनन्य भक्ति, अटूट प्रेम और समर्पण की कथा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
नारद जी के मुख से श्रीकृष्ण की महिमा सुन कृष्णमय हुआ रुक्मिणी का मन
लीला के अनुसार विदर्भ नरेश राजा भीष्म की पुत्री रुक्मिणी साक्षात माता लक्ष्मी का स्वरूप थीं। देवर्षि नारद के मुख से भगवान श्रीकृष्ण के अलौकिक रूप, सौंदर्य और दिव्य गुणों का वर्णन सुनकर रुक्मिणी ने मन ही मन उन्हें अपना पति स्वीकार कर लिया था। लेकिन उनके भाई रुक्मी को भगवान श्रीकृष्ण से शत्रुता थी। वह अपनी बहन का विवाह राजा दमघोष के पुत्र शिशुपाल से कराना चाहता था। रुक्मिणी इस विवाह के लिए तैयार नहीं थीं और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को ही अपना आराध्य एवं जीवनसाथी मान लिया था।
ब्राह्मण के हाथ भेजा प्रेम संदेश,रुक्मिणी को लेने विदर्भ पहुंचे श्रीकृष्ण
अपने भाई की योजना जानकर रुक्मिणी ने एक ब्राह्मण संदेशवाहक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण तक अपना परिणय संदेश पहुंचाया। रुक्मिणी की प्रेम भरी पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण तत्काल विदर्भ की राजधानी कुंडीनपुर पहुंच गए। वहां शिशुपाल के साथ शाल्व, जरासंध, दंतवक्त, विदुरथ और पौंड्रक सहित अनेक राजा उपस्थित थे। भगवान श्रीकृष्ण ने सभी विरोधियों को परास्त कर रुक्मिणी को उनकी इच्छा के अनुसार अपने साथ ले लिया। इस प्रसंग का मंचन देखकर श्रद्धालु जयकारे लगाने लगे।
रुक्मी का टूटा अभिमान,द्वारिका में हुआ श्रीकृष्ण-रुक्मिणी का विवाह
भगवान श्रीकृष्ण जब रुक्मिणी को लेकर द्वारिका की ओर जा रहे थे, तभी उनके भाई रुक्मी ने रास्ता रोककर युद्ध के लिए ललकारा। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने युद्ध में रुक्मी को पराजित कर उसका अभिमान चूर कर दिया। इसके पश्चात द्वारिकापुरी में परिजनों और संबंधियों की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मिणी का विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ। विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि सच्चा प्रेम, अटूट विश्वास और ईश्वर के प्रति अनन्य समर्पण के सामने संसार की कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।
रक्तदान शिविर के साथ होगा श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का समापन
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि समिति के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में बुधवार को लीला महोत्सव का समापन सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ होगा। इस अवसर पर लीला स्थल पर सुबह 10 बजे से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व भगवान के स्वरूपों की विदाई एवं हवन संपन्न होगा। उन्होंने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।
मेहंदी की रस्म में महिलाओं ने बढ़ाया उत्सव का उल्लास
प्राचीन सीताराम मंदिर में आयोजित मेहंदी की रस्म में मुख्य अतिथि डॉली बंसल के साथ नेहा गुप्ता, ममता उपाध्याय, सुजाता अग्रवाल, निशि नेहरू, सलोनी नेहरू, शिप्रा गुप्ता, शिल्पी तिवारी, लता उपाध्याय, हेमा शर्मा, मंजू उपाध्याय एवं मीरा बघेल ने श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के स्वरूपों को मेहंदी लगाई तथा मंगल गीत गाकर उत्सव को भक्तिमय बनाया।
लीला के दौरान भगवान के स्वरूपों की आरती महंत अनंत उपाध्याय, अतुल गुप्ता, अरुण उपाध्याय, विजय रोहतगी, अशोक गोयल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, मनोज बंसल, लक्ष्मण शर्मा, सूरज तिवारी, अनूप गोयल एवं विनीत सिंघल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उतारी। पूरा लीला परिसर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के जयकारों से गूंजता रहा।

