दीपों की रोशनी से जगमगाया खाटू श्याम मंदिर,फूल बंगले में सजे आगरा नरेश के दिव्य दर्शन



नरक चतुर्दशी पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया दीपदान, लाल-गुलाबी और बैंगनी पुष्पों से हुआ बाबा का मनोहारी श्रृंगार

दीपावली पर रविवार को होंगे विशेष श्रृंगार दर्शन और भव्य आतिशबाजी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पांच दिवसीय दीपोत्सव की श्रृंखला में शनिवार को नरक चतुर्दशी एवं रूप चौदस के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर दीपदान कर आस्था के दीप प्रज्वलित किए। दीपों की जगमगाती कतारों से मंदिर परिसर का वातावरण दिव्य और अलौकिक हो उठा। वहीं आगरा नरेश का लाल, गुलाबी और बैंगनी रंग के सुगंधित पुष्पों से भव्य फूल बंगला सजाया गया। फूलों के मध्य विराजित बाबा ने स्वर्ण कुंडल और स्वर्ण मुकुट धारण कर सुबह से ही भक्तों को दिव्य एवं भव्य दर्शन दिए।

दीपावली के विशेष दीपदान के लिए मंदिर परिसर के बाहरी हिस्से में श्रद्धालुओं ने आकर्षक रंगोली और दीपों की सुंदर सजावट की। सैकड़ों दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को प्रकाशमय कर दिया। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से भी भव्य रूप में सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पांच दिवसीय दीपोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विशेष श्रृंगार, सेवा और दीपदान के आयोजन किए जा रहे हैं। रूप चौदस के अवसर पर श्रृंगार एवं पोशाक सेवा अभिषेक गोयल, इत्र सेवा हरिश्चंद्र अग्रवाल, दीपोत्सव की प्रतिदिन सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति तथा आकर्षक विद्युत सज्जा की सेवा विजय गुप्ता द्वारा की गई।

उन्होंने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर रविवार को बाबा के विशेष श्रृंगार दर्शन होंगे। साथ ही भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका श्रद्धालु आनंद ले सकेंगे।इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि उपस्थित रहे।