आगरा। बाल दिवस के अवसर पर भक्ति एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और भारतीय संस्कारों की अलख जगाने में जुटी संस्था ‘भक्ति वेव’ ने अनूठी पहल करते हुए झोपड़पट्टी में रहने वाले बच्चों को पिज्जा वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
आगरा तहसील के सामने झोपड़पट्टी में गुजर-बसर कर रहे परिवारों के बच्चों की पिज्जा खाने की इच्छा को जानकर संस्था ने बाल दिवस पर पिज्जा सेवा का आयोजन किया। पिज्जा पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे। बच्चों ने उत्साह पूर्वक बताया कि उन्होंने इससे पहले कभी पिज्जा नहीं खाया था। उनके भोजन में आमतौर पर रोटी, सब्जी और दाल ही शामिल होती है। ऐसे में पिज्जा पाकर उनकी खुशी देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर भक्ति वेव के संस्थापक संचित गोयल ने कहा कि बच्चे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी खुशियां और उनका सर्वांगीण विकास ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं। बाल दिवस पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों को खुशियां और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र गोयल, महामंत्री तुषार गोयल एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल आदि मौजूद रहे।


