जिला कार्यालय के लिए डॉ.मंजू भदौरिया ने दिया जल्द व्यवस्था का भरोसा,एडीएम प्रशासन ने भी जताई सहमति
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी बटेश्वर की पावन धरा शुक्रवार को पत्रकार एकता, सम्मान और स्वाभिमान के शंखनाद की साक्षी बनी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, जनपद आगरा के तत्वावधान में बाह क्षेत्र के प्रसिद्ध लख्खी मेले में आयोजित 'बटेश्वर कलमकार संगम' में जिलेभर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों ने सहभागिता कर एकजुटता की हुंकार भरी। महासंगम में ग्रामीण पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और संगठन की मजबूती से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह उपस्थित रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों में जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा और राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संयोजन जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार ने किया, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री प्रमेन्द्र फौजदार ने किया।
जिला कार्यालय की मांग पर जल्द मिलेगा सकारात्मक परिणाम
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार लंबे समय से संगठन के जिला कार्यालय के लिए प्रयासरत हैं। वह स्वयं भी पिछले एक वर्ष से इस मांग को पूरा कराने के लिए प्रयास कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकार एसोसिएशन के कार्यालय के लिए जल्द ही उचित व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं जिलाधिकारी मनीष बंसल के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने भी पत्रकारों की मांग को गंभीरता से सुना और जिला कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका है। विशेषकर ग्रामीण पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं को उजागर कर प्रशासन तक आमजन की आवाज पहुंचाते हैं।
निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता ही विश्वसनीयता का आधार : शीलेन्द्र शर्मा
जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की संगठनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार गांवों और कस्बों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने के साथ सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाते हैं। पत्रकारिता की विश्वसनीयता निष्पक्षता, प्रमाणिकता और तथ्यों पर आधारित समाचारों से कायम रहती है। इसलिए पत्रकारों को जनहित सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, संवाद और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देते हैं।
पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की सामूहिक आवाज है संगठन : डॉ.विष्णु सिकरवार
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन महज एक संगठन नहीं, बल्कि ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और अधिकारों की सामूहिक आवाज है। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण पत्रकार की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद पूरी निष्ठा एवं साहस के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद आवश्यक है। बटेश्वर कलमकार संगम का उद्देश्य पत्रकारों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करना है। जब कलमकार एकजुट होते हैं तो उनकी आवाज और अधिक प्रभावशाली बनती है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
पत्रकारिता की गरिमा और निर्भीकता बनाए रखने पर जोर
राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर सहित अन्य वक्ताओं ने पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। उनकी लेखनी न केवल जनसमस्याओं को उजागर करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम भी है।
अतिथियों का हुआ सम्मान,सैकड़ों पत्रकारों ने की सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिले की विभिन्न तहसीलों से पहुंचे पदाधिकारियों, सदस्यों और पत्रकारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर ने सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ.मंजू भदौरिया, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा, राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर, मंडल अध्यक्ष अखिलेश सक्सेना, मंडल महासचिव संत कुमार भारद्वाज, मंडल महामंत्री छत्रपाल सिंह, प्रभात कुमार, गौसेवक गोपाल ठाकुर, जिला संरक्षक राजेंद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विष्णु सिकरवार, सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर, जिला उपाध्यक्ष नीरज परिहार, उमेद्र भदौरिया, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश सविता, शिवम सिकरवार, नवीन राजावत, कमल बिहारी मुखिया, दिलीप गुप्ता, राकेश जैन, चौब सिंह सक्सेना, महावीर वर्मा, सुरेश जारौलिया, प्रमोद पाठक, प्रमोद सिंघल, राज यादव, बबलू यादव, रणवीर सिंह और धर्मेंद्र चौहान सहित जिलेभर से आए सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
बटेश्वर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित 'बटेश्वर कलमकार संगम' ने पत्रकारों को एकजुट होकर अपने सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का संदेश दिया। आयोजन ने यह साबित किया कि पत्रकारिता की वास्तविक शक्ति केवल कलम चलाने में ही नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों पर कलमकारों के एकजुट होकर खड़े होने में भी निहित है।

