विधानसभा मीडिया सेंटर में श्रद्धांजलि सभा,वरिष्ठ पत्रकारों को नम आंखों से किया याद



आर.बी. थापा और ललित रायजादा के निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

लखनऊ (ब्यूरो)। पत्रकारिता जगत की दो सम्मानित शख्सियतों, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट आर.बी. थापा एवं वरिष्ठ पत्रकार ललित रायजादा के निधन पर बुधवार को विधानसभा मीडिया सेंटर में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दोनों दिवंगत पत्रकारों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व, पत्रकारिता के प्रति समर्पण और आत्मीय व्यवहार को याद किया।

वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट आर.बी. थापा का 29 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे अपने मिलनसार स्वभाव, जिंदादिली और फोटो पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे। उनके निधन से फोटो पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और आत्मीय साथी खो दिया है।

वहीं, वरिष्ठ पत्रकार ललित रायजादा का 2 नवंबर 2026 को लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

शोक सभा में पत्रकारों ने कहा कि दोनों वरिष्ठ साथियों का निधन पत्रकारिता परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी आत्मीयता, अनुभव, सहज व्यवहार और पत्रकारिता के प्रति समर्पण सदैव सहकर्मियों की स्मृतियों में जीवित रहेगा। उनके साथ बिताए गए पल हमेशा याद किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर विजय शंकर 'पंकज', भास्कर दूबे, मनोज मिश्रा, दिनेश शर्मा, रतिभान त्रिपाठी, अविनाश शुक्ला, राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, डी.पी. शुक्ला, नीरज महेरे, अशोक चकलादर एवं राजेश वर्मा सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

सभा के अंत में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।