हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ऊर्जा एवं ईश्वरीय शक्ति प्राप्त होने की मंगलकामना के साथ राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार की ओर से श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में आयोजित इस महाअनुष्ठान की शुरुआत भव्य घटयात्रा एवं श्रीजी की रथयात्रा से हुई।
पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर घटयात्रा में भाग लिया। चार बैंड, सजे-धजे घोड़े, ऊंट, आकर्षक बग्घियां और भव्य रथ यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे।
पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिजनों के साथ एक भव्य रथ पर सवार थे, जबकि दूसरे रथ पर सांसद नवीन जैन परिवार सहित विराजमान रहे। तीसरे रथ पर चक्रेश जैन और चौथे रथ पर योगेश कुमार जैन अपने परिवार के साथ सवार थे। भगवान श्रीजी को लेकर युवराज सक्षम जैन रथ पर चल रहे थे। यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
घटयात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर कमला नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण, मंडप उद्घाटन, श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-अर्चना के धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।
प्रधानमंत्री के लिए विशेष मंगलकामना :
इस महाअनुष्ठान का विशेष संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा, सामर्थ्य एवं विवेक प्रदान करने की प्रार्थना करना है। इसके साथ ही देश में हिंसा एवं वैमनस्य की समाप्ति, विपक्षी दलों में सद्बुद्धि तथा भारत सहित संपूर्ण विश्व में शांति, प्रेम, अहिंसा और सद्भाव की स्थापना की मंगलकामना की जा रही है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, प्रेम, संयम और करुणा के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर देशवासियों की सेवा और राष्ट्र के विकास के लिए कार्य करते रहें तथा उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम शक्ति प्राप्त हो, इसी उद्देश्य से भगवान महावीर के चरणों में यह विशेष प्रार्थना की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल परिवार या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र और विश्व में शांति, सद्भाव, भाईचारे एवं खुशहाली की भावना को समर्पित है।
आत्मशुद्धि का मार्ग है सिद्धचक्र विधान
प्रवचन में मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि संसार के जीव अनंत काल से अशुद्धता का अनुभव करते आ रहे हैं, लेकिन शुद्धता प्राप्त करने का मार्ग नहीं समझ पाते। परिणामों की विशुद्धि ही आत्मशुद्धि का मार्ग है। सिद्ध भगवान की आराधना हमें जीवन को शुद्ध बनाने और आध्यात्मिक उन्नति की प्रेरणा देती है। उन्होंने सांसद नवीन जैन एवं पीएनसी परिवार की धार्मिक आस्था और जिनधर्म के प्रति समर्पण की सराहना की।
पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन ने कहा कि वर्ष में एक बार होने वाला यह धार्मिक आयोजन उनके और पूरे परिवार के लिए सौभाग्य का विषय है। विशेष रूप से पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत गौरव और आनंद की बात है।
चक्रेश जैन ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस नौ दिवसीय विधान में प्रतिदिन धार्मिक पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति एवं मंगल प्रवचन के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में विशाल पंडाल बनाया गया है और आकर्षक सजावट की गई है।
योगेश जैन ने बताया कि दिन में धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु धर्म और संस्कृति से जुड़ सकें।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, अनुज जैन, वैभव जैन, सक्षम जैन, दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, जितेंद्र जैन, महामंत्री धर्मेंद्र जैन, राहुल जैन, शुभम जैन, विमल जैन मारसंस, राजीव जैन, आनंद जैन, कार्तिकेय जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, महिला पदाधिकारी एवं जैन समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


