पनामा पहुंची मीनाक्षी लेखी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर एक कर्टन रेजर कार्यक्रम में की शिरकत।

 



हिन्दुस्तान वार्ता।

भारत की विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी दक्षिण अमेरिका की अपनी आठ दिवसीय यात्रा के दूसरे पड़ाव के तहत रविवार को पनामा पहुंची, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पनामा पहुंचने पर विदेश राज्य मंत्री ट्वीट कर खुशी जाहिर की है।

---------------------------

पनामा में भारतीय समुदाय ने पनामा के समाज और अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है: विदेश राज्य मंत्री लेखी।

----------------------------

विदेश राज्य मंत्री लेखी ने अपने दिन की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 को लेकर आयोजित एक कर्टन रेजर कार्यक्रम में शिरकत कर की। इस बारे में उन्होंने ट्वीट कर कहा पनामा सिटी के सिंटा कोस्टेरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 को लेकर आयोजित कर्टन रेजर कार्यक्रम में हिस्सा लेकर दिन की शुरुआत की। इसके लिए संस्कृति मंत्री गिजेल गोंजालेज विलारुए और विदेश मामलों के उप मंत्रियों को धन्यवाद। स्थानीय योग उत्साही लोगों का उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। 52 दिन बाकी हैं।

अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा पनामा में हिंदू मंदिर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। 1979 में बने इस मंदिर में दर्शन करने वाले पहले मंत्री होने का सम्मान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही मंदिर में एक वृक्ष भी रोपा। कई दशक पहले पनामा आए भारतीय समुदाय ने अपने लोकाचार और संस्कृति को बनाए रखा है।

एक अन्य ट्वीट में विदेश राज्य मंत्री लेखी ने कहा पनामा में भारतीय समुदाय से मिलने और बातचीत करने में प्रसन्नता हुई। भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में पनामा सरकार की मंत्री जनैना तेवनी मेनकोमो जनैना गोब भी शामिल होने पर उन्हें धन्यवाद दिया। पनामा में भारतीय समुदाय ने पनामा के समाज और अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो लगातार जारी है।


रोजगार से संबंधित समझौतों पर होगा हस्ताक्षर:

वहीं विदेश राज्य मंत्री लेखी की इस यात्रा के संबंध में भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि भारत की विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी 28 अप्रैल- 05 मई 2022 तक पनामा, होंडुरास और चिली की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इन देशों की यह उनकी पहली यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने सितंबर 2021 में कोलंबिया का दौरा किया था। 

28 अप्रैल - 01 मई 2022 तक पनामा की अपनी यात्रा के दौरान विदेश राज्य मंत्री पनामा के विदेश मंत्री एरिका मौयनेस और संस्कृति मंत्र गिजेल गोंजालेज विलारू से मुलाकात करेंगी। दोनों पक्ष राजनयिक मिशन/पद के अधिकारियों के आश्रितों के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम और लाभकारी रोजगार से संबंधित समझौतों पर हस्ताक्षर भी करेंगे। यह यात्रा मई 2018 में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पनामा यात्रा के बाद से हमारे द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगी।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)