गिद्दा, टप्पे, बोलियां और महारास ने मोहा मन, पंजाबी संस्कृति व परंपराओं की दिखी अनूठी झलक
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल रहे मुख्य अतिथि,रश्मि मगन को मिला ‘पंजाबी नूर’ सम्मान
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और उल्लास के रंगों से सराबोर सरगी मेले में गिद्दा, टप्पे, बोलियों और महारास की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। पंजाबी विरासत परिवार की ओर से जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में आयोजित इस विख्यात सरगी मेले में पंजाबी वेशभूषा, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाबियत की जीवंत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेले में समाज की अनेक गणमान्य हस्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाबी विरासत संस्था के अध्यक्ष पूरन डाबर, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा, महासचिव बंटी ग्रोवर, भूपेश कालरा, नवीन अरोरा, महिला विंग अध्यक्ष रानी सिंह, मेला मार्गदर्शिका श्रीमती मधु बघेल, महामंत्री कुसुम महाजन, सह मीडिया प्रभारी सुनंदा अरोड़ा, सोशल मीडिया प्रभारी मोनिका सचदेवा, वर्षा सपरा, सुनीता, निर्मल बत्रा और पल्लवी सलूजा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
गिद्दा, टप्पे और महारास ने मोहा मन :
मेले में पंजाबी लोक संस्कृति की छटा देखते ही बनी। गिद्दा, टप्पों और बोलियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्रीमती मधु बघेल और उनकी टीम ने महारास की आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, रवि नारंग और रवि चावला के निर्देशन में बच्चों ने पंजाब की सांस्कृतिक झांकी प्रस्तुत की। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने जन्म से लेकर युवावस्था और विवाह के बाद सरगी लेने तक की परंपरा को मंच पर जीवंत किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
10 नवविवाहित जोड़ों ने लिया सरगी मां शांता कालरा का आशीर्वाद :
सरगी मेले में आगरा के अलावा फिरोजाबाद, हाथरस सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 10 नवविवाहित जोड़ों ने भाग लिया। पारंपरिक सरगी थाली के साथ सरगी मां शांता कालरा से आशीर्वाद प्राप्त कर जोड़ों ने स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस किया। इस दौरान सरगी की परंपरा, पारिवारिक संस्कारों और नई पीढ़ी को पंजाबी संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य की सुंदर झलक देखने को मिली।
रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान :
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए श्रीमती रश्मि मगन को ‘पंजाबी नूर’ सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, सुनिधि कपूर और दिव्यानी विज को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के लिए ‘राइजिंग स्टार’ सम्मान प्रदान किया गया।
सरगी क्वीन बनीं कृष्णा अरोड़ा :
मेले में आयोजित प्रतियोगिता में कृष्णा अरोड़ा ने ‘सरगी क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। ट्विंकल बत्रा फर्स्ट रनरअप और रचिता छाबड़ा सेकंड रनरअप रहीं। अन्य पुरस्कारों में बेस्ट हेयर का खिताब कृष्णा अरोड़ा, बेस्ट स्माइल रचिता छाबड़ा, बेस्ट ड्रेस का पुरस्कार सांची आध्या, खूबसूरत आंखों का खिताब पल्लवी अरोड़ा और गिद्दा क्वीन का खिताब ट्विंकल बत्रा को मिला।
पंजाबी विरासत के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद :
कार्यक्रम की संयोजिका रानी सिंह, कुसुम महाजन और सुनंदा अरोड़ा रहीं। आयोजन में कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, भूपेश कालरा, मन्नू महाजन, सीताराम छाबड़ा, मयंक सचदेवा, किरण कपूर, अंजना असीजा, वर्षा सपरा, मोनिका सचदेव, सुनीता मेहता सहित पंजाबी विरासत परिवार के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
सरगी मेले ने पंजाबी लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।


