भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा मंडल द्वारा विश्वदाय सप्ताह कार्यक्रम का भव्य सुभारंभ।

 


हिन्दुस्तान वार्ता।आगरा

आज भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण,आगरा मंडल, आगरा द्वारा आगरा किला  के प्रांगण में विश्वदाय सप्ताह (19 - 25 नवंबर, 2022)  के कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस समारोह को डॉ. भीमराव अम्बेडकर  विश्वविद्यालय के इतिहास एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।  इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इतिहास एवं संस्कृति विभाग के छात्र- छात्राओं, सैंट एंड्रयू स्कूल, आगरा, गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, आगरा, तथा फोटोग्राफर एसोसिएशन, आगरा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारीगण, तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। 

  कार्यक्रम में डॉ. भीमराव  अम्बेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व उप कुलपति प्रोफेसर सुगम आनंद मुख्य अतिथि थे,  डॉ. भीमराव अम्बेडकर  विश्वविद्यालय के इतिहास एवं संस्कृति विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बी. डी. शुक्ला विशिष्ट अतिथि थे, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने कार्यक्रम में स्वागत संबोधन दिया तथा  स्मारकों के संरक्षण में हमारी भूमिका पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम में वाद-विवाद तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्रों ने काफी उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सैलानियों तथा छात्रों को धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागिता के लिए प्रेरित करना था। 

प्रोफेसर सुगम आनंद ने छात्रों को विरासत के रख-रखाव में सहभागिता देने के लिए प्रेरित किया तथा विरासत के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए कहा। प्रोफेसर बी डी.  शुक्ला जी ने छात्रों को पूरी तरह से स्मारक का संरक्षण करने में सहयोग करने के लिए कहा और पर्यटन के क्षेत्र में स्मारकों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा रोजगार से जुड़ी संभावना को इस क्षेत्र में तलाशने की सलाह दी तथा उन्हें पूरी उमंग से इस ओर प्रयास करते रहने की सलाह दी। कार्यक्रम इस दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद से समाप्त किया गया।

रिपोर्ट-असलम सलीमी।