नई नहर निर्माण संघर्ष समिति का 180 वें दिन,धरना-प्रदर्शन जारी।

 


नई नहर निर्माण संघर्ष समिति आंदोलन के 180 वें दिन ( 6 माह ) पर नई नहर निर्माण, अधीक्षण अभियंता  व अधिशासी अभियन्ता के निलंबन की मांग पर कायम। नहर दो या जहर दो तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

आईआईटी रूड़की के विषेशज्ञ प्रोफेसरों टीम जल्द ही सर्वे करेगी। नई नहर निर्माण के सर्वे पर सिंचाई विभाग ₹23.60 लाख की धनराशि वहन करेगा।

हिन्दुस्तान वार्ता।आगरा

जनपद के विकास खंड फतेहपुर सीकरी के राजस्थान सीमा से सटे हुए करीब 50 गांवों के 600 फुट तक ज़मीन के गिरते भूगर्भ जलस्तर व खारे पानी होने के कारण प्रभावित लाखों किसानों की करीब 8000 हेक्टेयर ज़मीन की सिंचाई समस्या के समाधान हेतु नई नहर निर्माण परियोजना के कार्य में उदासीनता, असहयोग, शिथिलता बरतने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, किसानों के साथ साथ उच्च अधिकारिओं को कई वर्षों से गुमराह/भ्रमित करने वाले अधीक्षण अभियन्ता तृतीय मंडल सिंचाई कार्य आगरा व अधिशासी अभियंता लोअर खंड आगरा नहर आगरा के निलंबन की मांग को लेकर नई नहर निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक चौधरी दिलीप सिंह की अगुवाई में दिनांक 03 अगस्त 2022 से अधीक्षण अभियन्ता तृतीय मंडल सिंचाई कार्य, कार्यालय अवंतीवाई चौराहा प्रतापपुरा आगरा पर किसानों द्वारा दिए जा रहे बेमियादी धरना प्रदर्शन के 180 वें दिन (6 माह ) पर शासन/प्रशासन को पुनः आगाह किया है कि आंदोलित किसान नहर दो या जहर दो व दोषी अधिकारियों के निलम्बन के संकल्प के साथ आए हैं, किसानों की दोनों ही मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा किसान मांगो को मनवा कर ही घर वापिस जाएंगे।

  नई नहर निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक चौधरी दिलीप सिंह व समाजसेवी ज्ञान सिंह कुशवाह ने कहा कि अनसुनी व लापरवाह, सिंचाई विभाग के अधिकारियों प्रशासन /शासन के द्वारा किसानों की कई वर्षों से सिंचाई समस्या के समाधान हेतु नई नहर निर्माण की मांग पर प्रभावी ढंग से कार्यवाही अमल में न लाकर अभी तक केवल सर्वे के नाम पर टाल मटॉल कर किसानों को गुमराह /भ्रमित किया जाता रहा है, इसलिए प्रभावित किसानों को 6 माह से अनिश्चितकालीन  धरने प्रदर्शन कर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ा है।

  धरने के 180 वें दिन पर मुख्य रूप से दलेल सिंह सिकरवार,दरव सिंह कुशवाह, कुंवर सिंह, रामस्वरूप सिंह, बाबूलाल बाल्मिकी, मुकेश सविता, भूरी सिंह, सुशील शर्मा, अर्जुन बघेल, दाताराम लोधी, सौदान सिंह कुशवाह, मनीष चौधरी, धर्मेन्द्र सिंह, सोरन सिंह, केशव बघेल कामिल कुरैशी, बॉबी, प्रेम कुमार, महेश कुमार , सुरेश वर्मा, बासुदेव शर्मा, चौधरी दीवान सिंह, इरशाद खान, अबजल खान, इरशाद खान, ज्ञान सिंह जाटव, आदि सहित किसान मौजूद रहे।

 वहीं अधीक्षण अभियन्ता तृतीय मंडल सिंचाई कार्य आगरा ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया है कि धरनारत किसानों की नई नहर निर्माण के लिए विशेषज्ञों के द्वारा सर्वे कराए जाने की मांग पर शासन ने सर्वे में खर्च होने वाली ₹ 23.60 लाख की धनराशि को अवमुक्त कर दिया गया है, जल्दी ही आईआईटी रुड़की के वरिष्ठ विषेशज्ञ प्रोफेसरों की टीम के द्वारा फतेहपुर सीकरी के राजस्थान सीमा से सटे इलाकों में फ़ाइनल सर्वे किया जायेगा।