नीरज जी ने जोड़ दिया था केशरी नाथ जी को आगरा से।


                        ( आगरा से जुड़ीं यादें )

हिन्दुस्तान वार्ता।

आगराः प्रदेश विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी को आगरा से विख्यात गीतकार पद्मश्री नीरज ने जोड़ा। उनके व उनके द्वारा बुलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों में त्रिपाठी ने बार-बार शिरकत की। इससे उनका लगाव आगरा से हो गया था। केशरीनाथ त्रिपाठी का रविवार को सुबह निधन हो गया है।

नीरज के परिवार से केशरीनाथ जी का गहरा नाता था। उन्होंने समय-समय पर उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित किया। नीरज जी के पुत्र अरस्तु प्रभाकर ने बताया कि अभी एक महीने पहले ही उनसे फोन पर बात हुई थी, जिससे स्वास्थ्य खराब लग रहा था। उनके हर कार्यक्रम में केशरीनाथ आए थे। सन् 2005 में अरस्तु प्रभाकर की ज्योतिष पर लिखी पुस्तक का विमोचन भी केशरीनाथ त्रिपाठी ने किया था। इस समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी शामिल हुए थे। अरस्तु प्रभाकर व वत्सला प्रभाकर ने केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

समाजसेवी कांतिभाई पटेल से भी केशरीनाथ जी प्रभावित रहे। पटेल के पुत्र अंबरीश पटेल ने बताया कि कांतिभाई पटेल की पुस्तक कृष्ण गौरवगाथा का विमोचन 5 मई 2003 को  केशरीनाथ ने किया था। इसके बाद जब वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने तब भी पटेल के आवास पर पधारे थे। कांतिभाई पटेल के अमृत महोत्सव में भी वे मुख्य अतिथि थे।

6 दिसंबर 2004 को ताज प्रेस क्लब में नीरज जी के 80 वे जन्मदिवस को गौरव महोत्सव के रूप में माथुर वैश्य महासभा भवन में मनाया था। ताज प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव के अनुसार इसमें सुषमा स्वराज, डा.भीमराव आंबेडकर विवि के पूर्व कुलपति डा.अगम प्रसाद माथुर, समाजसेवी स्व धर्मपाल विद्यार्थी भी मंचासीन थे।

----------------

करुणेश जी पर बनी नमन एलबम का भी किया विमोचन

साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि कवि नीरज के इस गौरव महोत्सव में सुषमा स्वराज्य व केशरी नाथ त्रिपाठी ने स्वाधीनता सेनानी स्व.रोशनलाल गुप्ता करुणेश पर मून टीवी द्वारा बनाई वीडीयो एलबम नमन का विमोचन भी किया था। उस समय केशरीनाथ त्रिपाठी ने करुणेश के स्वाधीनता आंदोलन में त्याग को काफी सराहा था।

रिपोर्ट-आदर्श नंदन गुप्ता।