गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम को मिली भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी जी की स्वीकार्यता।



हिन्दुस्तान वार्ता।आगरा

आगरा के खतैना रोड, प्रतापनगर पर स्थापित होने जा रहे विश्व के  प्रथम गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम की आवश्यकता एवं सार्थकता समाज के हर वर्ग द्वारा स्वीकार्य की जा रही है। 

आज बुधवार को परम श्रद्धेय भागवत विदुषी श्री कीर्ति किशोरी जी का भी निर्माणाधीन स्थल पर  प्रातः आगमन हुआ। उन्होंने अपने आशीर्वचनों में इस सेवा प्रकल्प की सफलता की कामना करते हुए गर्भ संस्कार के साथ मेटरनिटी होम की स्थापना विश्व में सर्व प्रथम आगरा में होने के लिए आगरा वासियों को भाग्यशाली बताया।

उन्होंने इस तरह की सोच को नमन करते हुये सनातन धर्म के पुनरुत्थान में गर्भस्थ शिशु को मिलने वाले संस्कारों को मानव उत्थान में काफी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आगरा में स्थापित हो रहे इस प्रकल्प की  सफलता से प्रेरित होकर अन्य नगरों में भी इस तरह के सेवा केंद्र स्थापित होगें। उन्होंने इस प्रकल्प के साथ स्वयं के स्थाई जुड़ाव की भी अपेक्षा की।  

इस मौके पर श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, श्रीमती रेखा अग्रवाल डॉ.सुनीता गर्ग,रमेश जी, राकेश गर्ग, नरेंद्र गर्ग, मनोज अग्रवाल, विजय कुमार सर्राफ, नंदकिशोर गोयल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।