भारत-गुयाना के बीच बढ़ा व्यापार,300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।



हिन्दुस्तान वार्ता।दिल्ली

गुयाना के उप राष्ट्रपति भरत जगदेव ने आज राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में गुयाना के उप राष्ट्रपति भरत जगदेव का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत गुयाना के साथ अपने संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है। गुयाना पिछले 180 वर्षों से भारतीय भाइयों और बहनों की मातृभूमि रही है। भले ही भारत और गुयाना भौगोलिक रूप से एक बड़ी दूरी से अलग हैं, लेकिन दोनों के औपनिवेशिक अतीत, मुख्य रूप से कृषि और ग्रामीण आधारित अर्थव्यवस्थाएं और बहुसांस्कृतिक समाज जैसे कई पहलू समान हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और गुयाना के बीच व्यापार बढ़ रहा है। 2021-22 में महामारी के बावजूद द्विपक्षीय व्यापार में 300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार में और विविधता लाने की आवश्यकता पर बल दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि विकास साझेदारी भारत-गुयाना संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि अब तक गुयाना के 640 से अधिक सरकारी अधिकारियों को हमारे आईटीईसी कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यात्रा भारत और गुयाना के बीच दोस्ती के ऐतिहासिक बंधन को और गहरा करेगी।

इससे पहले उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने देशों के बीच सदियों पुराने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को स्वीकार किया और भारत_गुयाना संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। गौरतलब है कि उप राष्ट्रपति धनखड़ के न्योते पर जगदेव 20 से 25 फरवरी तक भारत की यात्रा पर आए हैं।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)