श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के पांचवे दिन गोवर्धन प्रसंग ने भक्तों का मनमोहा ।

 

 गणपति स्मार्ट सिटी में भागवत कथा सुनाते ब्यास                                            श्री अजित दीक्षित।

रविन्द्र दूबे। हिन्दुस्तान वार्ता आगरा । 

यह संसार दुख का सागर है। यहां ना अमीर सुखी है और ना ही गरीब सुखी है, जिसने परमात्मा को मन में बसा लिया उसे परम सुखी की प्राप्ती होती है। उक्त कथन गणपति स्मार्ट सिटी बाईपुर रोड सिकंदरा आगरा मेंआयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के पांचवें दिन कथा वाचक संत श्री अजीत दीक्षित जी ने व्यक्त किए।


श्री अजीत दीक्षित जी ने अपने मुखारविन्द से श्रीमद भागवत कथा का वाचन करते हुए कहा कि इस संसार में कोई किसी का नहीं होता, परमात्मा से नाता जोड कर ही इस भवसागर से पार पाया जा सकता है। उन्होने- ना घर तेरा ना घर मेरा, यह तो चिडिया रेन बसेरा एक दिन उड जाना है, दोहे की व्याख्या करते हुए कहा कि हरि नाम का सुमरिन करने के लिए कल का इंतजार नहीं करना चाहिए, जीवन में सुख-दुख की लहर आती जाती रहती है। इसलिए प्रभु भक्ति में लिन रहते हुए अपने दुखों को भुल जाना चाहिए।


ब्यास श्री दीक्षित जी ने व्यासपीठ से पाण्डाल में उपस्थित श्रद्धालुओं में राष्ट्र भक्ति की अलख जलाते हुए कहा कि जो व्यक्ति राष्ट्र, समाज, परिवार के उत्थान का चिंतन नहीं करता वह जिंदा पशु के समान होता है।

श्री दीक्षित जी ने कथा वाचन के पांचवे दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लिलाओं का वृतांत सुनाया। इन्ही में से एक गोवर्धन पूजा के प्रसंग के दौरान उन्होने बताया कि किसी प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने भगवान इन्द्र के घमण्ड को चूर करने के लिए बृजवासियों को गिरिराज की पूजा करने के लिए प्रेरित किया और इन्द्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी ऊंगली पर गिरिराज को धारण कर समस्त बृजवासियों को बचाया। संगीतमय कथा वाचन के दौरान पाण्डाल में उपस्थित सैंकडों की संख्या में श्रद्धालु भाव विभोर हो कर नृत्य करने के साथ् झूमने लगे।

कथा आयोजन के दौरान गणपति स्मार्ट सिटी के गणमान्य सदस्यों सर्वश्री एस एन माहेश्वरी, भटनागर जी,अशनित मेहता, अखिलेश मिश्रा, मधु शर्मा,चौहान जी,तिवारी जी  एवं गणपति स्मार्ट सिटी के  समस्त कार्यकर्ता सहित पाण्डाल में उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा बाल श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। कथा के अंत में महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।

कथा वाचक श्री अजीत दीक्षित ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा आयोजन के छठे दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण एवं रूक्मणी विवाह प्रसंग की जीवंत झांकी के साथ कथा का वाचन किया जाएगा।