हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 22 अप्रैल,पृथ्वी दिवस के अवसर पर सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज, रोहता में वृक्षारोपण अभियान एवं पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फादर प्रिंसिपल रोज़िमोन थॉमस के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सिस्टर जीजी, सिस्टर विजया, नंदिनी भदौरिया, शालिनी, राज शर्मा सहित सभी शिक्षकगण एवं कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में जामुन, नींबू, इमली एवं आम जैसे फलदार और छायादार वृक्षों के लगभग 50 पौधे रोपित किए गए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने ‘पेड़ बचाओ, जीवन बचाओ’ एवं ‘गो ग्रीन’ जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर तैयार कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के अंत में फादर प्रिंसिपल रोज़िमोन थॉमस ने सभी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।
यह अभियान न केवल विद्यालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि छात्रों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करने में सहायक रहा।
रिपोर्ट : असलम सलीमी


