आगरा के यशपाल सिंह चौहान,उत्कृष्ट सेवाओं के लिए,राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित।

 


हिन्दुस्तान वार्ता।चंडीगढ़

जम्मू-कश्मीर में तैनात,आगरा के गौरव यशपाल सिंह चौहान को चंडीगढ़ में सीमा सुरक्षा बल द्वारा आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में पंजाब के राज्यपाल श्री बनवारीलाल पुरोहित ने महामहिम राष्ट्रपति की ओर से श्री चौहान की सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मैडल से सम्मानित किया। 

वर्तमान में यश पाल सिंह चौहान सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। 

श्री चौहान, देश के उन चुनिंदा अधिकारियों में से एक हैं जिन्हें उनकी अद्वितीय सेवाओं के लिए पूर्व में राष्ट्रपति द्वारा अति उत्कृष्ट सेवा मैडल, महानिदेशक सीमा सुरक्षा द्वारा 24 बार प्रशस्ति पत्र, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल द्वारा 32 बार प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया जा चुका है।

वे एक प्रबुद्ध विचारक हैं,जिनका प्रतिदिन “मेरी सोच” के नाम से एक विचार पिछले दस वर्षों से प्रकाशित हो रहा है। जिसका नाम इंडिया बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।

वे आगरा के विख्यात समाजसेवी व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.हरी गोपाल सिंह चौहान एडवोकेट के सुपुत्र तथा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित "आठ विश्व रिकॉर्ड धारक" ग्रुप कैप्टन डॉ.जय पाल सिंह चौहान तथा विजय पाल सिंह चौहान एडवोकेट के लघु भ्राता है। आपके लघु भ्राता डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह चौहान यूपी यूनिवर्सिटी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज सैफई के जाने माने शल्य चिकित्सक- प्रोफ़ेसर हैं।  हरेंद्र पाल सिंह चौहान डी एच क्रिएशनस् के प्रबंध निदेशक हैं।

इस अलंकरण समारोह में पंजाब के राज्यपाल श्री बनवारीलाल पुरोहित के अलावा प्रवीन रंजन महानिदेशक चंडीगढ़ पुलिस,आठ विश्व रिकॉर्ड धारक ग्रुप कैप्टन डॉ.जय पाल सिंह चौहान, पी वी रामाशास्त्री अतिरिक्त महानिदेशक पश्चिम कमान सीमा सुरक्षा बल, प्रमुख समाजसेवी विजय पाल सिंह चौहान एडवोकेट,अतुल फुलजिले महानिरीक्षक पंजाब फ़्रंटियर सीमा सुरक्षा बल,वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह चौहान,हरेंद्र पाल सिंह चौहान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।