सीएआरडीसी ने संस्कार भारती के सहयोग से क्रांति तीर्थ श्रंखला के तहत महाराणा प्रताप जयंती पर किया आयोजन।



चेतक घोड़े पर हो सवार, महाराणा प्रताप ने छुड़ा दिए थे मुगल सेना के छक्के।

महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल यमुना किनारा पर किया पुष्पार्चन। संगोष्ठी में राष्ट्रपुरुष महाराणा प्रताप के शौर्य पर डाला प्रकाश।

वामपंथी इतिहासकारों ने हिंदुओं का मनोबल गिराने के लिए लिखा कि महाराणा प्रताप हार गए:हरिमोहन सिंह कोठिया।

हिन्दुस्तान वार्ता।

आगरा। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में सीएआरडीसी द्वारा संस्कार भारती के सहयोग से संचालित क्रांति तीर्थ श्रंखला की कड़ी में राष्ट्रपुरुष महाराणा प्रताप की जयंती पर मंगलवार सुबह यमुना किनारा स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर आयोजन किया गया।

   क्रांति तीर्थ श्रंखला के मंडल समन्वयक और वरिष्ठ साहित्यकार राज बहादुर सिंह राज,संस्कार भारती के अखिल भारतीय संरक्षक बांकेलाल गौड़, हरिमोहन सिंह कोठिया, डॉ. शेषपाल सिंह 'शेष', आलोक आर्य, अर्पित चित्रांश, यतेंद्र सोलंकी, नंदकिशोर और दिलीप परिहार ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर संयुक्त रूप से पुष्पार्चन किया। महाराणा प्रताप के जयकारे लगाए।

 महाराणा प्रताप जी के जयंती पर क्षत्रिय सभा आगरा के अध्यक्ष भवंर सिंह चौहान एवं पूर्व अध्यक्ष आर.पी.सिंह जादौन,एड.विजय पाल सिंह चौहान, डॉ. वीरेंद्र चौहान,धनवीर सिंह तोमर, विनोद परमार आदि ने हवन करके,महाराणा जी को नमन करते हुए,पुष्पाजंलि अर्पित की। 

इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता और वरिष्ठ साहित्यकार हरिमोहन सिंह कोठिया ने कहा कि हल्दीघाटी के युद्ध में अकबर से महाराणा नहीं हारे थे, किंतु वामपंथी इतिहासकारों ने हिंदुओं का मनोबल गिराने के लिए लिखा कि महाराणा प्रताप हार गए।

   श्री कोठिया जी ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि महाराणा प्रताप 30 वर्ष तक निरंतर अकबर से लड़ते रहे। अंतिम सांस तक स्वतंत्र रहे। आमने सामने के युद्ध में चेतक घोड़े पर सवार महाराणा ने मुगल सेना के छक्के छुड़ा दिए।

   वरिष्ठ कवि डॉ.शेष पाल सिंह शेष ने गीत के द्वारा राष्ट्रीय चेतना का भाग जगाया- "उलट-पुलट दे धरती अंबर, शुभ कर देश महान का। रग-रग रोम-रोम में तेरे, रक्त बह रहा राम का। चंद्रगुप्त, विक्रम, भोजों ने गौरव-मान बढ़ाया था। सीता- पद्मनि, दुर्गा माताओं ने तुझको जाया था। वीर शिवा राणा प्रताप ने निज सर्वस्व मिटाया था। झांसी की रानी लक्ष्मी ने अद्भुत शौर्य दिखाया था। जप माला का नहीं, किए जा जप पुरखों के नाम का.."

   कार्यक्रम का संयोजन और संचालन करते हुए राज बहादुर सिंह राज ने क्रांति तीर्थ श्रंखला के उद्देश्य और महत्व पर भी प्रकाश डाला।