देवोत्थान एकादशी पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में तुलसी-सालिगराम विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन

 


लाल जोड़े में कैसी शरमाई रे, मेरी तुलसी दुल्हन बन आई रे..।

देवोत्थान एकादशी पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित किया तुलसी-सालिगराम विवाह महोत्सव,बैंड बाजों संग बारात लेकर तुलसी जी को ब्याहने पहुंचे सालिगराम।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। बैंड बाजों के भक्तिमय संगीत संग श्रीहरि के स्वरूप सालिगराम जी रथ पर विराजमान होकर तुलसी जी को ब्याहने श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) पहुंचे। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से विधि विधान के साथ ढोल नगाड़ों व बैंड बाजों संग बारात निकली। झूमते गाते सैकड़ों बाराती (भक्त) सालिगराम जी की बारात में शामिल हुए,जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारातियों का स्वागत किया गया। सभी रीति रिवाज के साथ विवाह सम्पन्न हुआ।

श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज सतरंगी फूलों से सालिगराम जी व तुलसी जी के विवाह के लिए मण्डप सजा था। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों संग इस्कॉन मंदिर पहुंची बारात का भव्य स्वागत किया गया। 

वर पक्ष (सालिगराम जी) के परिजन के रूप में रमेश यादव व प्रेमलता और तुलसी जी के परिजन के रूप में शैलेन्द्र अग्रवाल व स्वाति अग्रवाल मौजूद थे। कई भक्तों ने उपहार देकर तुलसी जी का कन्यादान लिया। वृन्दावन से आए पंचतत्व प्रभु ने विवाह की सभी रस्मों को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया। श्रद्धालुओं ने विवाह की सभी रस्मों पर मंगल गीत गाए। लाल जोड़े में कैसी शरमाई रे, मेरी तुलसा दुल्हन बन आई रे... जैसे शगुन के गीतों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य भी किया।संध्या काल में तुलसी जी की विदाई की सभी रस्मों को सम्पन्न किया गया।

जन सम्पर्क प्रभारी श्री ए.के.योगी ने इस्कॉन के सम्बंध में लोक कल्याण हेतु,मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य रूप से इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप दास, राहुल बंसल, अशु मित्तल,रमेश यादव, विकास बंसल, पंकज अग्रवाल, गौरी शंकर गुप्ता,अशोक गोयल, कमल नयन, विमल नयन फतेहपुरिया, त्रिलोकचंद अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल,राजीव मल्होत्रा,संजय कुकरेजा,राजीव गुप्ता आदि उपस्थित थे।