हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सावन मास में पहली बार आगरा में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 'कैलाश' का आयोजन 9 अगस्त को सायं 5 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में होगा। लॉयंस क्लब कॉनराय, लॉयंस क्लब प्रयास एवं ऐरिश एंटरटेनमेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन रविवार को श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा में श्रीमहंत योगेश पुरी महाराज ने किया।
श्रीमहंत योगेश पुरी महाराज ने कहा कि सावन में होने वाला यह आयोजन शिव भक्ति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा संगम होगा। कार्यक्रम में महाआरती, वैदिक रुद्रपाठ, डमरू-शंखनाद तथा आधुनिक लेजर शो के माध्यम से द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दिव्य दर्शन कराए जाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक पुनीत अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का मुख्य आकर्षण उज्जैन के प्रसिद्ध शिव भजन गायक गजेंद्र प्रताप सिंह की संगीतमय प्रस्तुति होगी। उनके शिव भजन और स्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। आयोजन का उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति, शिव भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार करना है।
विमोचन समारोह में राधा रमण टिंबर, अंकित मांगलिक, सारंग अग्रवाल, आशीष गर्ग, अंशुल गर्ग, अनुज खंडेलवाल, निशेष अग्रवाल, मनोज जैन, संजय अग्रवाल, इशिता अग्रवाल, मिताली गर्ग, संजय गर्ग, निखिल अग्रवाल, पूनम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

