आंबेडकर विश्वविद्यालय के 89वें दीक्षांत समारोह में पहुंची,राज्यपाल,कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा:प्रदेश की राज्यपाल और डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने मंगलवार को यहां विश्वविद्यालय के 89वें दीक्षांत समारोह में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों,छात्रों और राजनेताओं को जमकर आईना दिखाया।

राज्यपाल ने कहाकि आज तक मैंने 32 विश्वविद्यालयों में दीक्षांत किया, इस साल यह मेरा अंतिम दीक्षांत समारोह है। अब मेरी आपसे प्रार्थना है कि अगले साल को यह दीक्षांत समारोह पहला होना चाहिए। सब कुछ रेग्युलर होना चाहिए। अगले साल जुलाई से दीक्षांत का प्रारंभ हो जाएगा। तैयारी करें,आगे बढ़े। पीछे रहने से छात्रों को कितना नुकसान हो रहा है।

कालेज के शिक्षक भी होंगे, क्या ऐसा होता है कि आपसे गलती हो जाती है। अगर गलती अनपढ़ लोगों से होती तो समझ आती। आप तो पढ़े लिखे हैं। परिणाम आने के बाद छह माह बाद तक प्लेसमेंट होगा। तब तक प्लेसमेंट के लिए जगह नहीं बची।

विश्वविद्यालय को टॉप पर लाने का संकल्प लें :

राज्यपाल ने कहा कि इस विश्वविद्यालय को टॉप पर लाने का संकल्प लेना चाहिए। मैंने वीसी को कहा है कि 15 मार्च के बाद कोई भी तारीख दे दूंगी, आपको सारी तैयारी करने के बाद राजभवन आना है। आपको ए प्लस चाहिए तो तैयारी करके आइए। देशहित और छात्र हित के लिए काम करना चाहिए। अब तो कड़क होना पड़ेगा। मैं पेपर निकालती हूं तो कोर्स के बाहर का सवाल पूछती हूं और छात्र का नुकसान होता है तो किसकी जिम्मेदारी है। जिसने पेपर गलत निकाला तो उस पर कड़क कार्रवाई होनी चाहिए। एक कॉलेज के लिए दो माह का इंतजार करना चाहिए। क्यों इंतजार करना चाहिए। कल रात को मैंने कहा था कि कालेजों की ग्रेडिंग कीजिए। जो अच्छा कॉलेज चलता है, उसे ए ग्रेड में रखो। जो थोड़ी गड़बड़ी करे तो उसे बी में रखें। सी ग्रेड के कॉलेजों पर गंभीर एक्शन लीजिए। कॉलेज चलाएं तो अच्छी तरह चलाएं। टीचरों का मेहनत करनी होगी। हर टीचर को एक अध्यापकों को दो कॉलेज मिलेंगे। वहां पर जाकर देखेंगे। इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब, सुविधाओं को देखेंगे। पढ़ाई भी देखेंगे।

राजनीतिक दलों को नसीहत :

राज्यपाल ने नसीहत देते हुए कहा कि कोई राजनीतिक दल विश्वविद्यालय परिसर में न आएं, जब विवि कड़क निर्णय ले। कल मथुरा दीक्षांत में दो विधायक आए। उन्हें पता ही नहीं था विधायक का प्रवचन होता है या नहीं। वीसी के साथ लड़ाई कर दी। हमारा भाषण नहीं था। अब ऐसी स्थिति होती है तो क्या करें। समझना होगा।

छात्र लेक्चर न होने पर झगड़ा करें

आनंदी बेन पटेल ने कहा कि छात्रों को झगड़ा करना है तो लेक्चर न होने पर करें। डिग्री डिजी लॉकर में दे दी गई हैं। अंक तालिका भी इसमें है। कोई डिग्री कॉलेज में नहीं जाएंगी। वो डाउनलोड करें या छात्रों को समझाएं कि डाउनलोड कर लें। विवि में न आएं। अब सब कुछ ऑनलाइन है।

120 मेधावियों को मेडल प्रदान किए

दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 120 मेधावियों को मेडल प्रदान किए। सबसे ज्यादा 10 मेडल एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस 2018 बैच की डॉ.प्राची गुप्ता को मिले।

रिपोर्ट- असलम सलीमी।