होटल पीएल पैलेस में12 मई को होगा,शॉर्ट फिल्म''जल''का लोकार्पण,समाजसेवियों ने विश्व संवाद केंद्र में पोस्टर किया जारी



सृष्टि वेलफेयर सोसाइटी जीवन के लिए बेहद ज़रूरी जल-संरक्षण हेतु कर रही जन जागरूकता की नेक पहल

मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित जल पुरुष राजेंद्र सिंह और आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह डॉ.प्रमोद शर्मा सहित कई गणमान्य शख्सीयत रहेंगी शामिल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सृष्टि वेलफेयर सोसाइटी जीवन के लिए बेहद ज़रूरी जल-संरक्षण हेतु जन जागरूकता की नेक पहल कर रही है। इस दिशा में जीवन-रक्षा के महान उद्देश्य के लिए तैयार की गई शॉर्ट फिल्म 'जल' का लोकार्पण 12 मई,रविवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में किया जाएगा। 

यह जानकारी गुरुवार शाम साकेत कॉलोनी स्थित विश्व संवाद केंद्र में समाजसेवियों ने फिल्म का पोस्टर जारी करने के बाद पत्रकारों को प्रदान की।

 संस्था-सचिव आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी ने बताया कि फिल्म का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह माननीय डॉ.प्रमोद शर्मा करेंगे। रेमन मैगसेसे पुरस्कार व स्टॉकहोम जल पुरस्कार से सम्मानित जल पुरुष राजेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। 

सीमित उपलब्धता वाले संसाधन 'जल' का बुद्धिमत्ता पूर्ण उपयोग जरूरी:डॉ.डीवी शर्मा

इस अवसर पर प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. डीवी शर्मा ने कहा कि सभी जीवधारियों का शरीर जल, अग्नि, वायु, भूमि और आकाश तत्व से बनता है, फलता है,  फूलता रहता है। इसमें सबसे सीमित उपलब्धता वाला संसाधन है जल। उसमें भी पेयजल तो बहुत ही सीमित है। अत: जल के बुद्धियुक्त उपयोग पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है। 

जल के दुरुपयोग को रोकने के लिए शॉर्ट फिल्म 'जल' करेगी जन जागरूकता का काम: सूरज तिवारी

फिल्म के डायरेक्टर सूरज तिवारी ने कहा कि जल के दुरुपयोग को रोकना और भविष्य के लिए जल संसाधनों के भंडारणों की समृद्ध व्यवस्था करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसी विषय पर जन जागरूकता के लिए सृष्टि वेलफेयर सोसायटी ने "जल" नामक लघु फिल्म बनाई है। 

जल बचाने के लिए सुदर्शन जी ने आधा गिलास पेयजल का दिया था संदेश: भवेंद्र शर्मा

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भवेंद्र शर्मा ने कहा कि पूर्व सरसंघचालक मान. कु पी सुदर्शन जी जल के दुरपयोग को रोकने के लिए बहुत जागरूक रहते थे। उन्होंने जल बचाने के लिए आधा गिलास पेयजल दिए जाने का संदेश दिया था। 

पोस्टर-विमोचन में ये भी रहे शामिल :

 इस दौरान एडवोकेट अशोक चौबे, सांस्कृतिक कर्मी नन्द नन्दन गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग,राजीव सिंघल, प्रदीप सिंघल, प्रेमचन्द अग्रवाल (सुपारी वाले), प्रख्यात पर्यावरण संरक्षक चंद्रशेखर शर्मा,संतोष कटारा, अंकुश द्विवेदी, सूर्य देव शर्मा, कवि ईशान देव और कवि कुमार ललित भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।