हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा 17 जनवरी 2025 । मसीही समाज का सामुदायिक प्रार्थना अठवारा आज सायं 5:00 बजे आगरा कैंट स्थित हैवलॉक मेथोडिस्ट चर्च में परंपरागत विधि के साथ आरम्भ हो गया। इस अवसर पर आयोजित आठ दिवसीय प्रार्थना श्रृंखला के प्रथम दिन विशेष प्रार्थना एवं प्रारम्भिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत गिरजाघर के प्रधान पुरोहित टीएस गिल ने की।गायन मण्डली ने अवसरानुकूल भजन गीत गाए।
फादर जोसफ डाबरे ने सामुदायिक एकता सम्बन्धी हृदयस्पर्शी प्रवचन दिया। उन्होंने अपने प्रवचन में बताया कि प्रभु ईसा मसीह की शिक्षाएं आज भी सार्थक हैं। साथ ही सभी मसोही विश्वासियों की आध्यात्मिकता एवं एकता पर प्रकाश डाला एवं वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता एवं महत्व पर गंभीर चर्चा की।
क्लर्जी फैलोशिप के सचिव फादर मून लाजरस ने बताया कि 'मसीही एकता का अठवारा मसीही पंचांग का एक महत्वपूर्ण भाग है। इस दौरान वैश्विक व स्थानीय स्तरों पर सभी गिरजाघरों व मसीही संस्थानों में मसीही आध्यात्मिकता, एकता तथा देश में शान्ति सद्भावना व भाईचारे के लिए विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जाती हैं।
इस अवसर पर श्रद्धेय फादर सम्मा जोसफ ने प्रार्थना व आशीर्वचन कहे। प्रार्थना समारोह में आगरा के सभी प्रमुख गिरजाघरों के मुख्य पुरोहितों सहित विशाल संख्या में अनुयायियों ने भी भाग लिया। प्रार्थना सभा में फादर विंसेंट, प्रवीन मिश्रा, जेकब लाल उपस्थित रहे।अठवारा प्रार्थना सभा का संचालन श्री लॉरेन्स मसीह ने किया।
क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने नगर के सभी ईसाई विश्वासियों से इस प्रार्थना अठवारे में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
रिपोर्ट - असलम सलीमी