केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.मंजू भदौरिया,मंडलायुक्त शैलेन्द्र कु.सिंह,जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने ताज महोत्सव 2025 का किया फीता काट कर शुभारंभ





हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा : 18 फरवरी, केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.मंजू भदौरिया,मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने भव्य ताज महोत्सव 2025 का फीता काट कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात ताज महोत्सव क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा विभिन्न स्टॉल पर जाकर शिल्पियों से बात की तथा उनके उत्पाद निर्माण प्रक्रिया को जाना। मा.केंद्रीय मंत्री ने मुख्य मंच पर पहुंचकर मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह,जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ साथ स्थानीय कलाकारों को भी प्रदर्शन का अवसर प्राप्त होगा। 

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से जनपद वासियों को देश विदेश की संस्कृति को जानने और समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने सभी से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में आ कर कार्यक्रमों का आनंद ले।

केंद्रीय मंत्री प्रो.एस पी सिंह बघेल ने कहा कि ताज महोत्सव में हमारी संस्कृति, लोक कला को जानने का मौका मिलेगा। इस महोत्सव में प्रदेश के उत्पादों के साथ साथ अन्य प्रदेशों के उत्पादों को भी देखने और समझने का मौका मिलेगा। मेला आयोजन का मुख्य उद्देश्य संस्कृति और कला का प्रदर्शन के साथ मेल मिलाप बढ़ाना होता है। हमारा देश कलाकारों का देश है।


सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति का शुभारंभ लखनऊ की डॉ. सुरभि शुक्ला व उनकी टीम द्वारा महाकुंभ थीम पर आधारित 'धरा पर गंगा अवतरण' की अपनी नृत्यांजलि से मनमोहक व भावविभोर करने वाली प्रस्तुति दी।

मुरारी लाल शर्मा व उनकी टीम ने रास व ब्रज की फूलों की होली से शमा बांध दिया।तत्पश्चात सुश्री श्रद्धा मिश्रा ने गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।

 ताज महोत्सव में विभिन्न खान पान की विभिन्न स्टॉल के साथ, देश के अलग अलग राज्यों के उत्पाद भी उपलब्ध हैं। जो लोग कश्मीर, राजस्थान, बंगाल नहीं जा सकते वो सब यहां उपलब्ध है। ताज महोत्सव में यमुना किनारा स्थित यमुना आरती कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ,काशी अयोध्या की तरह यमुना आरती का आयोजन बहुत भव्य रूप से किया जा रहा है।

रिपोर्ट - असलम सलीमी