हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र संजय प्लेस स्थित स्काई टावर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कंप्यूटर एसेसरीज के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे आसपास के व्यापारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि हरविंदर सिंह के एक्सट्रीम इंफोटेक के गोदाम में आग लगी, जहां बड़ी मात्रा में कंप्यूटर एसेसरीज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर हालचाल जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और सहयोग उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान संजय प्लेस कंप्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एस.सेंगर, विनय मित्तल, चंद्रवीर फौजदार, अनिल रावत, चतुर्भुज तिवारी,भाजपा आगरा के महामंत्री महेश शर्मा, उपाध्यक्ष मनमोहन कुशवाह, करुणा निधि गर्ग, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल सहित कई व्यापारी एवं पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

