रक्तदान शिविर में 75 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “एस.एस. जैन युवा संगठन” और “हेल्प आगरा” के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मोती कटरा स्थित हेल्प हॉस्पिटल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में कुल 75 लोगों ने उत्साह पूर्वक रक्तदान किया।

शिविर में महिलाओं के साथ-साथ हेल्प आगरा के 7 ड्राइवरों एवं स्टाफ सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। हालांकि हीमोग्लोबिन की कमी के कारण 9 इच्छुक लोग रक्तदान नहीं कर सके।

समर्पण ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित यह शिविर शहर के प्रमुख रेडीमेड कपड़ा कारोबारी श्री आजाद कुमार सुराना को समर्पित रहा। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए 6-6 लोगों के समूह बनाकर लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें 12 रक्तदाताओं को डेढ़ ग्राम चांदी का ब्रेसलेट भेंट किया गया।

इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष अर्पित जैन, महासचिव आशीष जैन, अंशुल सोनी, श्रीमती विनीता सुराना, प्रियंका सुराना, कोमल सुराना, हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ, नरेश जैन, विशेष बंसल, अजय मित्तल, राजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल एवं नंदकिशोर गोयल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

रिपोर्ट : असलम सलीमी