निष्कलंक माता महागिरजाघर (सेंट पीटर्स) में फा.मून लाज़रुस को दी गई श्रद्धांजलि,हज़ारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा 10 जुलाई,धर्मप्रांत के लिए एक अत्यंत भावुक और श्रद्धामयी दिन रहा, जब धर्मप्रांत के वरिष्ठ और परम श्रद्धेय पुरोहित फा.मून लाज़रुस को निष्कलंक माता महागिरजाघर (सेंट पीटर्स) में अंतिम विदाई दी गई।

पूरे समारोह में शोक की गहराई और कृतज्ञता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी,जहाँ महाधर्माध्यक्ष डॉ.राफी मंजलि की अगुवाई में लगभग 200 पुरोहितों (फादर्स) और सिस्टर्स ने मिलकर प्रार्थना की तथा पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया।

अपने श्रद्धांजलि संबोधन में महाधर्माध्यक्ष डॉ.राफी मंजलि ने फा. मून लाज़रुस के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि

फा.मून न केवल एक समर्पित पुरोहित थे,बल्कि एक सच्चे मसीही सेवक भी थे। उन्होंने पूरे मन,वचन और कर्म से प्रभु के राज्य के विस्तार के लिए कार्य किया। शिक्षा, समाज सेवा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

सभा स्थल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और अनुमानतः हज़ारों की संख्या में विश्वासियों ने वहाँ पहुँचकर फा.मून लाज़रुस को अंतिम विदाई दी। लोगों ने उनकी स्मृतियों को सहेजते हुए नम आंखों से पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

फा.मून लाज़रुस ने अपने पूरे जीवन को मसीही सेवा के लिए समर्पित किया। वे न केवल चर्च के एक निष्ठावान सेवक थे, बल्कि समाज के वंचितों, पीड़ितों और युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत भी रहे। उन्होंने वर्षों तक शिक्षा और pastoral ministry में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं और न जाने कितने लोगों के जीवन को छुआ।

उनकी अंतिम यात्रा गंभीर शांति और आध्यात्मिक गरिमा के वातावरण में पूरी हुई। बच्चों से लेकर वृद्धजनों तक, सभी की आंखों में उनकी सेवा के लिए आभार और उनके जाने का गम साफ झलक रहा था।

 आगरा धर्मप्रांत ने एक महान आत्मा को विदा किया है,परंतु उनका जीवन, उनके उपदेश, और उनका प्रेमपूर्ण व्यवहार हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगा।

हम प्रार्थना करते हैं कि प्रभु यीशु उन्हें अनंत जीवन प्रदान करें और उनके जीवन से हम सभी प्रेरणा लेते हुए सेवा और प्रेम के मार्ग पर आगे बढ़ें। आगरा शहर के सभी धर्मों के प्रमुख बिशप (CNI)पी पी हबील,मौलाना उजैर आलम,महंत योगेश पूरी  बंटी ग्रोवर, वरिष्ठ पत्रकार असलम सलीमी, कांग्रेस नेता पं. नवीन चन्द्र शर्मा, सद्भावना कमिटी की वत्सला प्रभाकर,अजय बाबू,शमी अगाई,मधुरिमा शर्मा,नसरीन बेगम, राजू थॉमस,एस एस चौहान,अनिल बंसल,डेनिस सिल्वेरा, लॉरेंस मसीह, चौधरी फरहान कुरैशी रेव पंकज इंद्रजीत सिंह, रेव अर्पण जेकब,रेव अनिल बी लाल,सत्यप्रकाश गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी