हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : 29 अगस्त,भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमाल सिद्दीकी जी ने उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी आगरा का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक संवाद और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करना रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रवास करने के लिए जोर दिया।
श्री सिद्दीकी प्रातः दिल्ली स्थित अपने निवास मीना बाग से प्रस्थान कर सीधे आगरा पहुँचे,जहाँ कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत समारोहों का आयोजन हुआ, जिसने वातावरण को उत्साह और जोश से भर दिया। अपने प्रवास की शुरुआत उन्होंने बाबा झम्मन लाल इंटर कॉलेज में सिद्दीकी समाज की बैठक से की जहां उनका भव्य स्वागत एवं संवाद कार्यक्रम किया।
उन्होंने अब्दुल्लाह दरगाह पर चादरपोशी करते हुए देश में अमन,भाईचारा और तरक़्क़ी की दुआ की। जामा मस्जिद, आगरा में जुमा की नमाज़ अदा कर लोगों से मुलाक़ात की। क़ुरैशी समाज से संवाद,जिसमें शिक्षा, रोज़गार और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की।
भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की जिसमें उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस एस अकरम ,डॉ.असलम,भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री बंटी ग्रोवर के साथ भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता,अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष हाजी अल्ताफ एवं जिला अध्यक्ष दिलीप जैन भंडारी उपस्थित रहे।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राय द्वारा मोहन भागवत जी के बयान की निंदा करने पर कहा कि जनता कांग्रेस को वैसे ही खत्म कर देगी। सम्भल में हिन्दुओं की जनसंख्या कम होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रशंसा की। उन्होंने इस घटना का पर्दाफाश किया।
उन्होंने अल्पसंख्यक आयोग,उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अशफ़ाक़ सैफी जी के निवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनमें जोश भरा।
उसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक महिला कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक जो उजमा मुन्नी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण पर ज़ोर दिया गया।
श्री सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी 'सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हमारा प्रयास है कि सरकार की हर योजना और नीति का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा संगठन गाँव-गाँव और गली-गली तक पहुँचेगा और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करेगा।
सामाजिक समर्थन और उत्साह :
इस दौरे में भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और समुदाय के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। हर स्थान पर लोगों ने उनका अभिनंदन किया और भाजपा की नीतियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इस जनसंपर्क यात्रा ने यह साबित किया कि पार्टी की विचारधारा समाज के हर तबके में गहरी पैठ बना रही है। शाम को निर्धारित कार्यक्रमों के उपरांत श्री सिद्दीकी आगरा से प्रस्थान कर रात्रि को दिल्ली वापस लौटे। आगरा प्रवास में उपरोक्त के अतिरिक्त बॉबी बेदी,आजाद खान,अनंत जैन,कय्यूम, इरफान कुरैशी, सादाब ,रज्जाक, जिशान, रियासत अली ,इमरान,नसीम,आरिफ आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट - असलम सलीमी