द्रौपदी-द अनबाउड स्पिरिट” : नारी के साहस,स्वाभिमान और आत्मसंवाद की प्रभावशाली प्रस्तुति को देखेगा आगरा

शी विल संस्था दैनिक जागरण और आभूषण ज्वैलर्स के सहयोग से रचेगी इतिहास,पोस्टर विमोचन में दी गई जानकारी 

महाभारत का मुख्य किरदार द्रौपदी जीवंत होगा आगरा के मंच पर,भव्य रूप से प्रस्तुत होगी पांचाली की जीवन गाथा

महाभारत की अजेय नायिका के अदम्य साहस को समर्पित आयोजन होगा 16 नवंबर को

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। नारी के भीतर विद्यमान असीम शक्ति, स्वाभिमान और आत्मबल को समर्पित “शी विल इंस्पायर” संस्था द्वारा 16 नवंबर को दैनिक जागरण और आभूषण ज्वैलर्स के सहयोग से आयोजित होने जा रहे  भव्य मोनोलॉग “द्रौपदी-द अनबाउड स्पिरिट” का पोस्टर विमोचन मंगलवार को गांधीनगर स्थित उडुपी वृंदावन रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ।

महाभारत के सबसे महत्वपूर्ण पात्रों में से एक द्रौपदी को सदियों से विभिन्न लेखकों ने अलग-अलग रूपों और दृष्टिकोणों से चित्रित किया है,कहीं वह पीड़िता है, कहीं न्याय की प्रतीक, तो कहीं नारी गरिमा और आत्मसम्मान की पराकाष्ठा। इसी गहन और बहुआयामी चरित्र को आधुनिक दृष्टि और संवेदना के साथ मंच पर प्रस्तुत करने जा रही हैं बेंगलुरु की प्रख्यात रंगकर्मी एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकार अंजना चांडक।

अंजना चांडक अपने एकल-महिला शो के माध्यम से द्रौपदी को एक ऐसी स्त्री के रूप में सामने लाने का प्रयास कर रही हैं, जो परिस्थितियों के आगे झुकने के बजाय अपने चारों ओर घट रही घटनाओं पर सवाल उठाती है- एक ऐसी आवाज़ जो अन्याय के विरुद्ध मौन नहीं रहती। उनके अभिनय की गहराई,भावनाओं की सजीवता और संवाद की तीव्रता इस प्रस्तुति को अद्वितीय बनाती है। इसी अद्वितीय प्रस्तुति का गवाह बनेगा आगरा।

शी विल इंस्पायर संस्था की संस्थापक राशी गर्ग ने बताया कि आगामी 16 नवंबर, रविवार, शाम 4 बजे सूरसदन में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से होगा। इसके पश्चात लगभग दो घंटे के इस शो में दर्शक कई प्रेरक प्रस्तुतियाँ देखेंगे।

राशी गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था की सोच और कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद संस्था के सदस्यों द्वारा “वॉक ऑफ स्ट्रेंथ” की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो नारी शक्ति और एकता का प्रतीक होगी। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य हर उस नारी को एक मंच प्रदान करना है जो स्वयं की पहचान बनाना चाहती है। स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और नारी सशक्तिकरण संस्था की मुख्य नींव है। 

राशी गर्ग ने कहा कि द्रौपदी- द अनबाउड स्पिरिट’ केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, अन्याय के विरुद्ध स्वर और स्त्री की आत्मचेतना का उत्सव है। जहाँ द्रौपदी केवल इतिहास की पात्र नहीं, बल्कि हर उस स्त्री की आवाज़ है जो सच बोलने का साहस रखती है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा द्रौपदी मोनोलॉग का मंचन,जिसमें अंजना चांडक अपने दमदार अभिनय के माध्यम से नारी के साहस,पीड़ा और पुनरुत्थान की गाथा को सजीव करेंगी।

राशी गर्ग ने आगे बताया कि यह आयोजन नारी सशक्तिकरण का प्रतीक होने के साथ-साथ समाजसेवा की भावना से भी जुड़ा है। इस कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग “टीयर्स मंदबुद्धि संस्था” के विशेष बच्चों की सहायता हेतु समर्पित किया जाएगा।

पोस्टर विमोचन समारोह के अवसर पर पूजा लूथरा, कीर्ति, कृतिका, सुनैना, नेहा अग्रवाल, हरमीत, आशिमा, प्रीति जैन, नियति, डिंपल राज, आयुषी, रुचि, दीपिका, तनु, पूजा असवानी, नूपुर, सानिया डावर, दिव्या गुप्ता आदि उपस्थित रहीं। 

ये कर रहे हैं आयोजन में सहयोग :

इस आयोजन के टाइटल स्पॉन्सर आभूषण ज्वैलर्स हैं। सहयोगी प्रायोजकों में रीडा बाय रितिका, ओम्बरे बाय आयुषी, कृतिका खन्ना (इमेज एवं सॉफ्ट स्किल कोच), के.आई.पी.एम., फ्यूचर प्लस, इयात, डीजे लिशियस (हॉस्पिटैलिटी पार्टनर) तथा पिक्चर परफेक्ट बाय डिंपल राज (फोटोग्राफी पार्टनर) शामिल हैं।