आगरा में जुटेंगे देश के दिग्गज हृदय रोग विशेषज्ञ, 24-25 अक्टूबर को होगा ‘कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0’



आधुनिक तकनीकों और हृदय रोगों के बेहतर उपचार पर होगा मंथन, मेडिकल छात्रों के लिए इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप भी

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। हृदय रोगों के आधुनिक उपचार, नवीनतम चिकित्सा तकनीकों और बेहतर इलाज की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए देशभर के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ ताजनगरी में जुटेंगे। आगरा इंटरवेंशन कार्डियोलॉजी सोसाइटी के तत्वावधान में 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0’ आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश के प्रख्यात कार्डियोलॉजिस्ट और कार्डियक सर्जन अपने अनुभव, शोध और जटिल मामलों के उपचार से जुड़ी जानकारियां साझा करेंगे। गुरुवार को होटल हॉलीडे इन में आयोजन समिति ने सम्मेलन के ब्रोशर का विमोचन कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

सम्मेलन के पहले दिन 24 अक्टूबर को होटल जेपी पैलेस और दूसरे दिन 25 अक्टूबर को होटल हॉलीडे इन में विभिन्न वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें हार्ट फेलियर, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, एओर्टा संबंधी रोगों, कार्डियक सर्जरी और स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन (TAVR) सहित हृदय रोगों के उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों, नई तकनीकों और उपचार संबंधी दिशा-निर्देशों पर विचार साझा करेंगे।

देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ करेंगे शिरकत :

सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. सुवीर गुप्ता ने बताया कि इसमें देश के विभिन्न शहरों और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। प्रमुख वक्ताओं में नोएडा से पद्मश्री डॉ. डी.एस. गंभीर, गुरुग्राम से पद्मश्री डॉ. प्रवीन चंद्रा, मेरठ से डॉ. मुनेश तोमर, प्रयागराज से डॉ. ओमर हसन तथा नई दिल्ली से डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. विवेका कुमार और डॉ. सुमित सेठी शामिल हैं।

इसके अलावा मैसूर से डॉ.राजगोपाल जे. तथा आगरा से डॉ. सुवीर गुप्ता, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. सौरभ नागर और डॉ. हिमांशु यादव सहित कई विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध प्रस्तुत करेंगे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य हृदय रोगों के उपचार में हो रही नवीनतम प्रगति से चिकित्सकों को परिचित कराना और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान करना है। सम्मेलन के दौरान कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एक वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, प्रतिभागियों को ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर भी मिलेगा।

मेडिकल छात्रों को सिखाएंगे इकोकार्डियोग्राफी की बारीकियां :

मेडिकल छात्रों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए 25 अक्टूबर को विशेष इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। डॉ. शरद पालीवाल ने बताया कि होटल हॉलीडे इन, संजय प्लेस में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होने वाली इस कार्यशाला में एमडी मेडिसिन के छात्र, जूनियर रेजिडेंट और कार्डियक टेक्नीशियन भाग लेंगे।

वर्कशॉप में इकोकार्डियोग्राफी की मूलभूत जानकारी देने के साथ हृदय की पंपिंग क्षमता यानी लेफ्ट वेंट्रिकुलर इजेक्शन फ्रैक्शन (LVEF) मापने, हृदय के वाल्वों की खराबी पहचानने और इको रिपोर्ट को पढ़ने व समझने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी।

ब्रोशर का विमोचन :

ब्रोशर विमोचन के अवसर पर डॉ. शरद पालीवाल, डॉ. सुवीर गुप्ता, डॉ. एस.के. कालरा, डॉ. के.के. विश्वानी, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. सौरभ नागर, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. जय बाबू, वीरेंद्र गुप्ता (ट्रांसपोर्टर) और देवेंद्र ढल सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।