पुरुषोत्तम मास में आध्यात्मिक महाकुंभ : मनःकामेश्वर मठ के श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ हेतु भूमि पूजन संपन्न



17 से 24 मई तक होगा भव्य आयोजन,प्रतिदिन दो से ढाई हजार श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए रविवार को यमुना किनारा रोड, ताज व्यू गार्डन फेस-1 स्थित कथा स्थल पर विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कथा व्यास महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं गौ पूजन कर आयोजन का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कारों को सुदृढ़ करने के साथ सनातन परंपराओं को मजबूती प्रदान करते हैं।

कथा व्यास महंत योगेश पुरी ने पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) का महत्व बताते हुए कहा कि यह मास भगवान विष्णु को समर्पित होता है और इसमें किए गए धार्मिक कार्यों का फल अनंत होता है। उन्होंने बताया कि पहली बार मंदिर प्रांगण से बाहर इतने विशाल स्तर पर आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन लगभग दो से ढाई हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। कथा में भगवान विष्णु के 24 अवतारों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।

मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि लगभग 200 गज क्षेत्र में भव्य वातानुकूलित कथा मंडप का निर्माण किया जा रहा है। महाकुंभ की तर्ज पर परिसर में भोजनालय,अतिथि गृह एवं ब्राह्मण कक्ष सहित विभिन्न कुटियाएं बनाई जाएंगी। आयोजन का विशेष आकर्षण द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां होंगी,जिन्हें उनके वास्तविक स्वरूप के अनुरूप स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत 17 मई को प्रातः 7 बजे मठ से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। इसके बाद 18 से 24 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।

बच्चों में संस्कारों के विकास के लिए 7 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर भी आयोजित होगा,जिसमें वैदिक ज्ञान, यज्ञ, योग, मार्शल आर्ट एवं पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही एक बालक द्वारा गीता के श्लोक भी सिखाए जाएंगे और पक्षियों के लिए जलपात्र वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर पार्षद रवि माथुर सहित अनुज शर्मा, राकेश जैन, अनुराग चतुर्वेदी, एडवोकेट संजय कप्तान, सोहार्द शर्मा एवं राहुल चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।