कवयित्री चेतना शर्मा और कवि कुमार ललित के काव्य-पाठ को मिली देशभर के जाने-माने कवियों की सराहना
20 जुलाई को शाम 7:30 बजे डीडी यूपी पर होगा विशेष कवि सम्मेलन का प्रसारण
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय एवं चर्चित कवि सम्मेलन कार्यक्रम ‘वंस मोर सीजन-4’ में आगरा के दो रचनाकारों ने अपनी सशक्त काव्य प्रतिभा से शहर का नाम रोशन किया। लखनऊ, मेरठ, शाहजहांपुर और आगरा के रचनाकारों की सहभागिता वाले इस विशेष कवि सम्मेलन में आगरा की सुप्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती चेतना शर्मा और उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा सम्मानित कवि कुमार ललित ने प्रभावशाली काव्य-पाठ किया। दोनों रचनाकारों की प्रस्तुतियों को देश के जाने-माने कवियों और साहित्यप्रेमियों ने सराहा।
कार्यक्रम का निर्देशन एवं संयोजन राम शब्द बेनूर ने किया,जबकि प्रसिद्ध हास्य कवि ‘स्माइल मैन’ डॉ. सर्वेश अस्थाना ने अपने विशिष्ट अंदाज में कार्यक्रम का संचालन किया। मंच पर विभिन्न विधाओं के कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हास्य, व्यंग्य, संवेदना, सामाजिक सरोकार और जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया।
आगरा की कवयित्री चेतना शर्मा ने अपनी भावपूर्ण एवं प्रभावशाली कविताओं से श्रोताओं को प्रभावित किया। वहीं कवि कुमार ललित ने अपने सधे हुए काव्य-पाठ और दोहों के माध्यम से कार्यक्रम में विशेष छाप छोड़ी। उनके एक से बढ़कर एक दोहों ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद प्रस्तुत किए गए उनके गीत ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। गीत की पंक्तियां - ‘सृष्टि का विज्ञान सांसों की सतत आराधना है, जिंदगी बस हाथ में जल रोकने की साधना है...’ - ने जीवन और प्रकृति के गहरे संबंध को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।
कवि सम्मेलन में मेरठ के विख्यात कवि सौरभ जैन ‘सुमन’ और शाहजहांपुर की डॉ. इंदु अजनबी ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर किया। विभिन्न शहरों से आए रचनाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविधता और साहित्यिक ऊंचाई प्रदान की।
‘वंस मोर सीजन-4’ कवि सम्मेलन का प्रसारण 20 जुलाई, सोमवार को शाम 7:30 बजे केवल दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडी यूपी) पर किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर साहित्य प्रेमियों और काव्य रसिकों में विशेष उत्साह है।




