नवीन जैन से माफी की मांग, वाल्मीकि समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के खिलाफ रविवार को सुभाष नगर स्थित वाल्मिकी वाटिका में वाल्मीकि समाज की महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में समाज के लोगों ने सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कोई विरोध नहीं है, बल्कि उनकी आपत्ति केवल सांसद नवीन जैन के कथित व्यवहार को लेकर है।

महापंचायत की अध्यक्षता चौधरी मानसिंह ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद द्वारा भाजपा कार्यकर्ता मनीष साहू वाल्मीकि के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि सांसद माफी नहीं मांगते हैं तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित की जा सकती है।

महामंत्री लोकेश कुमार चंचल ने कहा कि वाल्मिकी समाज लंबे समय से भाजपा का समर्थक रहा है, लेकिन समाज के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापंचायत में नवीन जैन के विरोध में नारेबाजी की गई और उनके खिलाफ प्रदर्शन किया गया।

क्या है मामला :

महापंचायत में मनीष साहू वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई को वह अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा करने राज्यसभा सांसद नवीन जैन के आवास पर गए थे। वहां उनके साथ जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं। उनका कहना है कि वह पिछले 16 वर्षों से भाजपा की विचारधारा के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। उन्होंने सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की है।महापंचायत में बड़ी संख्या में वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।