अब आगरा कैंट स्टेशन पर भी होगा ताज का दीदार, ताजमहल मोमेंटो का केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने किया लोकार्पण

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा मंडल व्यापार संगठन के प्रयासों से शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन आगरा कैंट के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताजमहल का आकर्षक मोमेंटो (अक्स) स्थापित किया गया। इसका लोकार्पण केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, छावनी विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश तथा उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि आगरा आने वाले पर्यटक अब स्टेशन पर ही ताजमहल की याद अपने साथ ले जा सकेंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रेलवे स्टेशन की पहचान भी और अधिक आकर्षक बनेगी। उन्होंने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद अग्रवाल की स्मृति में स्थापित यह ताजमहल मोमेंटो उनके व्यक्तित्व को सदैव जीवंत रखेगा। उन्होंने रेलवे प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया, जिसने स्टेशन परिसर में इसके लिए स्थान उपलब्ध कराया।

छावनी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कहा कि स्व. गोविंद अग्रवाल अत्यंत सरल, मिलनसार एवं समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी स्मृति में स्थापित यह ताजमहल मोमेंटो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने संगठन के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए स्व. अग्रवाल के साथ बिताए अपने संस्मरण भी साझा किए।

संगठन के अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि संगठन के संस्थापक स्व. गोविंद अग्रवाल की इच्छा थी कि आगरा आने वाले पर्यटक यहां से ताज की याद लेकर जाएं तथा संगठन की पहचान देश-विदेश तक पहुंचे। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए संगठन पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयासरत था, जिसके बाद अब आगरा कैंट स्टेशन पर ताजमहल का मोमेंटो स्थापित हो सका।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे यात्री समयाभाव के कारण ताजमहल का प्रत्यक्ष दर्शन नहीं कर पाते। अब वे स्टेशन परिसर में स्थापित इस ताजमहल प्रतिरूप के साथ सेल्फी लेकर आगरा की यादें अपने साथ ले जा सकेंगे।

कार्यक्रम में डीआरएम गगन गोयल, संजय गौतम, संतोष कुमार त्रिपाठी, प्रदीप अग्रवाल सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संगठन की ओर से पवन बंसल, त्रिलोक चंद शर्मा, गिरीश चंद गोयल, राजेश गोयल, राजकुमार अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, श्रीमती नीतू अग्रवाल, राजीव गुप्ता, प्रदीप लूथरा, रचित सराफ, अशोक गोयल, सुरेश चंद गर्ग, रमाशंकर शर्मा (एडवोकेट), चरणजीत टिम्मा, गुरदयाल सिंह बेदी, श्याम जरारी, संजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अनमोल गोयल, राहुल गुप्ता, सलीम जब्बार, अरुण कुमार गोयल, रामप्रकाश अग्रवाल, शाहिद खान, अमर सिंह, संजीव चौबे सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।