आगरा में सजेगा ' वेडिंग इंडस्ट्री ' का महामंच,देशभर से जुटेंगे 2000 से अधिक उद्यमी


21-22 सितंबर को होटल ताज कन्वेंशन में होगा इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताजनगरी आगरा एक बार फिर देश के वेडिंग कारोबार के केंद्र में होगी। यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से द्वितीय इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का आयोजन 21 और 22 सितंबर को होटल ताज कन्वेंशन, आगरा में किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। आयोजन में देशभर से वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े 2000 से अधिक प्रतिनिधियों और उद्यमियों के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजन की तैयारियों को लेकर एसोसिएशन के सूर्य नगर स्थित कार्यालय पर बैठक हुई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य विवाह उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों को एक मंच पर लाना और बदलते वेडिंग ट्रेंड, नई व्यावसायिक संभावनाओं तथा उद्योग के विस्तार पर चर्चा करना है। कॉन्क्लेव में देशभर से आने वाले विशेषज्ञ और कारोबारी अपने अनुभव साझा करेंगे।

50 से अधिक विशेषज्ञ करेंगे मंथन :

कॉन्क्लेव में वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े 50 से अधिक विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे। इनमें टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी, डेस्टिनेशन वेडिंग, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, एंटरटेनमेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन प्रमुख विषय होंगे।

वहीं एक्सपो में विवाह आयोजन से जुड़ी सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिलेगी। फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट, खानपान, आतिथ्य और अन्य वेडिंग सर्विसेज से जुड़े 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे आगरा और आसपास के जिलों के परिवारों को विवाह आयोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और कारोबारियों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

डेस्टिनेशन वेडिंग को मिलेगा बढ़ावा :

एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा कि कॉन्क्लेव आगरा को देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि ताजमहल और आगरा की समृद्ध पर्यटन विरासत के कारण यहां डेस्टिनेशन वेडिंग की व्यापक संभावनाएं हैं। आयोजन के माध्यम से इन संभावनाओं को व्यावसायिक अवसरों में बदलने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि पहले दिन वेडिंग बिजनेस,टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी, एंटरटेनमेंट और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर चर्चा होगी। वहीं दूसरे दिन उत्तर प्रदेश एवं भारतीय पर्यटन नीति के प्रभाव और वेडिंग पॉलिसी में इवेंट सेक्टर की भूमिका पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और सदस्यों को सौंप दी गई हैं।