13 नवंबर को गणेश जी की सवारी से होगा महोत्सव का शुभारंभ, 14 नवंबर को निकलेगी कंस की दुहाई की सवारी
15 नवंबर से गौशाला परिसर में सजेंगी मंचीय लीलाएं,भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीलाएं रहेंगी विशेष आकर्षण
2027 में भव्य द्वारकापुरी सजाने की समिति ने की घोषणा
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष के बीच ब्रज संस्कृति, भक्ति और आस्था के प्रतीक ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 का गुरुवार को विधिवत शंखनाद हो गया। वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन के राधा हॉल में आयोजित समारोह में महोत्सव की स्मारिका ‘लीलांजलि’ एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने शहरवासियों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के दर्शन का आमंत्रण दिया। इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ कई नवीन प्रसंगों का मंचन श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, त्याग और सत्य का संदेश देगा। वहीं, वर्ष 2027 में महोत्सव के अंतर्गत भव्य द्वारकापुरी सजाने की घोषणा ने आगामी आयोजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का अभिन्न अंग है। आगरा ब्रज का प्रवेश द्वार है और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से इसका गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है। मान्यता है कि बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए स्वयं भगवान शिव भी आगरा पधारे थे। आगरा और अग्रवन का संबंध ब्रज के बारह वनों की परंपरा से जुड़ा है। ऐसे में यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ब्रज की समृद्ध परंपरा, लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में आयोजित होने वाली श्रीकृष्ण लीलाओं से प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु जुड़ते हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार, 13 नवंबर को श्रीगणेश जी की सवारी के साथ होगा। 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। इस वर्ष दोनों सवारियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। दोनों सवारियां बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसेन मार्ग पर संपन्न होंगी। मार्ग परिवर्तन का उद्देश्य कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सवारियों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।
15 नवंबर से गौशाला परिसर में सजेगा मंचीय लीलाओं का दरबार :
समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम 6:30 बजे वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में मंचीय लीलाओं का शुभारंभ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मंचन के साथ होगा। इसके बाद प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित लीलाओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को नंदोत्सव एवं पूतना वध की लीला का मंचन होगा। 17 नवंबर को गोचारण, कालियादह और माखन चोरी की लीलाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी अद्भुत लीलाओं और भक्तों के प्रति प्रेम का भावपूर्ण चित्रण किया जाएगा।
भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और हरिश्चंद्र की लीला देंगी आदर्शों की सीख :
लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में कई विशेष और नवीन लीलाओं को शामिल किया गया है। 18 नवंबर को भीष्म प्रतिज्ञा, 19 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र तथा 21 नवंबर को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीला का मंचन किया जाएगा। इन लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्याग, सत्य, धर्मनिष्ठा, भक्ति और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को साइकिल फूलों की होली भी महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी। 25 नवंबर को हवन-पूजन एवं लीला स्वरूपों की विदाई के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प :
ब्रजेश अग्रवाल और अशोक कुमार गोयल ने बताया कि महोत्सव को धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर और पौधारोपण जैसे सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कदंब और माखन-कटोरा के पौधे भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में प्रकृति, वन और वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। इसी परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समिति सेवा एवं संरक्षण के कार्यों को महोत्सव का हिस्सा बना रही है।
2027 में साकार होगी भव्य द्वारकापुरी की परिकल्पना :
समारोह में समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने वर्ष 2027 के महोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में द्वारकापुरी को भव्य रूप से सजाया जाएगा। इसके माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका नगरी की भव्यता, वैभव और सांस्कृतिक स्वरूप को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह नई पहल महोत्सव को एक नया आयाम प्रदान करेगी और श्रद्धालुओं को द्वारकापुरी की दिव्य अनुभूति कराएगी।
स्मारिका ‘लीलांजलि’ में संजोई गई महोत्सव की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत :
स्मारिका के संपादक एवं लेखक वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष स्मारिका ‘लीलांजलि’ का प्रकाशन किया जाता है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धार्मिक प्रसंगों, ब्रज संस्कृति और महोत्सव की परंपराओं से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री प्रकाशित की जाती है। स्मारिका का उद्देश्य महोत्सव की ऐतिहासिक यात्रा, धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण कर उसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
समारोह में ये रहे उपस्थित :
विमोचन समारोह में जनकपुरी महोत्सव समिति 2026 के अध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री मनोज जादौन, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के महामंत्री विजय रोहतगी, लीला संयोजक शेखर गोयल, अशोक कुमार गोयल ट्रांसपोर्टर, प्रवक्ता धर्मेन्द्र कुमार चौधरी,मीडिया प्रभारी तनु गुप्ता, ब्रजेश अग्रवाल, वीरेंद्र गोयल, संजय गर्ग, गिर्राज बंसल, आशुतोष गर्ग, विष्णु अग्रवाल, राधे-राधे मनोज गोयल, विनीत सिंघल, मुकेश शर्मा,अनंत उपाध्याय, अनूप गोयल, जवाहरलाल सिंघल, संजय अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा, सतीश गौड़ सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

