महाकुंभ में लगी आग की घटना का सीएम योगी ने लिया जायजा।


                              छाया - असलम सलीमी


 हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कुमार चौधरी

प्रयागराज : 19 जनवरी,दोपहर,महाकुंभ मेला क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज सेक्टर-19 में गीता प्रेस के शिविर में आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दो दर्जन से अधिक टेण्ट जलकर खाक हो गए। भीषण आग पर काबू पा लिया गया है। सीएम योगी ने घटना पर संज्ञान लिया है। अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सीएम योगी ने जायजा भी लिया है। साथ ही जल्द से जल्द हालात सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।

अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी है। इतना पता चला है कि एक सड़क पर बनाए गए अस्थायी ब्रिज के नीचे आग लगी। वहां रखे सिलेंडरों में आग लगने की खबर है। इससे आसपास के कई टेंट भी आग की चपेट में आ गए। 

सुरक्षा में लगे वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। आसपास के सारे इलाके को खाली करा लिया गया है। घटनास्थल पर किसी के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है।