नेशनल काई कराटे चैंपियनशिप में आगरा के दिव्यांशु और सनाया ने जीते स्वर्ण पदक


निशिका ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा, अन्य खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। हुगली,पश्चिम बंगाल में 7 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित काई सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में आगरा के दिव्यांशु कपूर ने जूनियर वर्ग तथा सनाया यादव ने सब-जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं निशिका खंडेलवाल ने सब-जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इसके अलावा निवेदिता कपूर, प्रांजल हरि शर्मा और अभिषेक चौहान ने सब-जूनियर वर्ग तथा यशवीर सिंह ने जूनियर वर्ग में द्वितीय कांस्य पदक प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में राखी कपूर ने उत्तर प्रदेश टीम की कोच की भूमिका निभाई। स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ आगरा के महासचिव सिहान शरद कुमार ने प्रतियोगिता में जज एवं निर्णायक की भूमिका निभाई।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्रीड़ा भारती के क्षेत्रीय संयोजक एडवोकेट राजेश कुलश्रेष्ठ एवं समाजसेवी अनूप गुप्ता ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आगरा के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।