इस्कॉन मंदिर : सवा कुन्तल चावल व हलवा से सजाए गोवर्धन महाराज,परिक्रमा देकर किया पूजन

श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित किया गया अन्नकूट महोत्सव,श्रद्धालुओं ने गोवर्धन शिला का पंचामृत से अभिषेक कर लगाई परिक्रमा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सवा कुन्तल चावल व हलवा से सजाए गए गिरिराज गोवर्धन महाराज की अलौकिक छवि देखकर हर श्रद्धालु बलिहारी था। श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कान) में गोवर्धन महाराज के जयकारों संग अन्नकूट महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शिलारूप में 51 किलो चावल 51 किलो हलवा से गोवर्धन महाराज के साथ ग्वाल बालों संग एक अंगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठाए श्रहरि की झांकी हर भक्ति को भक्ति के सागर में डुबकी लगवा रही थी। 

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में अन्नकूट महोत्सव पर श्रद्धालु अपने घरों से छप्पन भोग बनाकर मंदिर पहुंचे। पंचामृत से अभिषेक व पूजन कर मृदंग, मंजीरों पर संकीर्तन करते हुए मंदिर परिसर की तीन परिक्रमा लगाई। हरे राम हरे कृष्णा के संकीर्तन पर झूमते गाते श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ अन्नकूट महोत्सव मनाया। 

सुबह 8 बजे इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने गोवर्धन महिमा कथा के साथ अन्नकूट महोत्सव का शुभारम्भ किया। शंखनाद, मृदंग व मंजीरों संग कीर्तन करते हुए गोवर्धन शिला को डोले में विराजमान कर पंडाल तक झूमते गाते श्रद्धालुओं ने स्थापित किया। जहां पंचामृत से विधि विधान के साथ गोवर्धन शिला का अभिषेक किया। श्रद्धालु अभिषेक के लिए अपने-अपने घरों से दूध, दही, घी, शहद... आदि सामग्री लेकर मंदिर परिसर पहुंचे। अंत में आरती कर गोवर्धन महाराज के जयकारों संग परिक्रमा लगाई व प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य रूप इस अवसर पर मुख्य रूप से जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से आशु मित्तल, संजीव, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद, सुशील अग्रवाल,सुशील गुप्ता, संजय कुकरैजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, शैलेश, शाश्वत ननंदलाल, विकास बंसल आदि उपस्थित थे।   

आज से शनील के परिधान धारण करेंगे श्रीहरि :

शरद ऋतु की आहट के साथ आज से भगवान जगन्नाथ शनील के परिधान धारण करेंगे। अन्नकूट महोत्सव पर बहन सुभद्रा व भाई बलभद्र संग भगवान जगन्नाथ ने पीताम्बर रंग के गोटा पत्ती व गोछापे से सजे शनील के परिधान धारण किए। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि आज भगवान का विशेष श्रंगार किया गया।