हरि भक्ति,गोविंद स्मरण और सनातन संस्कारों का दिव्य संगम
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। वैदिक मंत्रोच्चार,विष्णु सहस्त्रनाम के पावन उच्चारण और गोविंद नाम की मधुर गूंज के बीच केशव कुंज,प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला मंदिर परिसर में मॉर्निंग वॉक क्लब द्वारा आयोजित दसवां दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन समारोह का द्वितीय एवं अंतिम दिवस गहन श्रद्धा,भक्ति और सनातन परंपराओं के भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संपूर्ण परिसर में आध्यात्मिक चेतना और भक्तिरस का अनुपम संगम दृष्टिगोचर हुआ।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रातःकाल गोविंद अभिषेक एवं विष्णु सहस्त्रनाम पाठ के साथ हुआ। इस विशेष अवसर पर सभी यजमान अपने-अपने घरों से लड्डू गोपाल को साथ लेकर आए और भगवान श्रीकृष्ण के साकार स्वरूप के समक्ष सामूहिक अभिषेक व पूजन किया। लड्डू गोपाल के सान्निध्य में संपन्न यह अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत भावविभोर एवं आध्यात्मिक अनुभूति से परिपूर्ण रहा।
विष्णु सहस्त्रनाम पाठ के दौरान “श्रीमन नारायण” और “गोविंद” नाम के सामूहिक उच्चारण से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु से परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना की। इसके उपरांत विधि-विधान से 56 ब्राह्मणों को दान प्रक्रिया संपन्न कराई गई,जिसे सनातन परंपरा में पुण्यदायी माना जाता है।इसके पश्चात प्रसादी वितरण किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
मॉर्निंग वॉक क्लब के अध्यक्ष सीए मुकेश गोयल ने कहा कि सामूहिक एकादशी उद्यापन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मसंयम, सेवा और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम है। वहीं क्लब के महामंत्री रमेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि यह परंपरा विगत दस वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है और प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की सहभागिता और आस्था में निरंतर वृद्धि हो रही है।
दो दिवसीय इस आयोजन का समापन भक्ति,अनुशासन और सेवा भाव के संदेश के साथ हुआ। यह समारोह श्रद्धालुओं के मन में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को और अधिक सुदृढ़ कर गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिलेश गोयल, विजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, रिंकू बांसल, राकेश गर्ग, राजीव जैन, निखिल गर्ग, सरोज अग्रवाल, रीना गोयल, मधु अग्रवाल, हेमलता सहित अनेक सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


~2.jpg)