नगरायुक्त को दिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश,जिलाधिकारी अरविंद मल्लपा बंगारी से की बात
लंबे समय से था निगम का कब्जा, न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करके जमीन हथियाने की कोशिश : महापौर
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। बापू नगर,खंदारी स्थित दिवाकर समाज की धोबी वाली बगीची जमीन का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। सोमवार की शाम महापौर हेमलता दिवाकर ने इस प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी अरविंद मल्लपा बंगारी से उचित कार्रवाई करके दिवाकर समाज को न्याय दिलाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर दिवाकर समाज की जमीन पर किसी और का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए हाईकोर्ट में अपील दायर करके न्यायिक तरीके से जमीन पर पूर्व की भांति निगम कब्जा लेगा।
महापौर हेमलता दिवाकर ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात करके अवगत कराया कि जमीन पर नगर निगम का कब्जा था,निगम कई वर्षों से वहां पर विकास कार्य करा रहा है।
दायर सिविल सूट में नगर निगम को पार्टी नहीं बनाया गया। यह पूरा मामला न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करके जमीन को कब्जे में लेने की कोशिश की गई है। महापौर ने इस संबंध में नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को भी उचित कदम उठाते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि बापू नगर में दिवाकर समाज की बीगीची के सामने 809 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जे के लिए लघुवाद न्यायालय में वर्ष 1981 से चल रहा था। वर्ष 2023 में कोर्ट ने वादी लोकेश गुप्ता आदि को कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने जमीन पर कब्जा दिला दिया था। मगर बगीची के बराबर में डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित थीं और दिवाकर समाज की बगीची के लिए भी 12 फीट चौड़ा और 76 फीट लंबा रास्ता छोड़ा गया था। इस पर दिवाकर समाज के लोगों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था।


